Samachar Nama
×

दलीप ट्रॉफी: ईशान किशन ने रचा इतिहास, 250 रनों की यादगार पारी खेलकर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

दलीप ट्रॉफी: ईशान किशन ने रचा इतिहास, 250 रनों की यादगार पारी खेलकर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
दलीप ट्रॉफी: ईशान किशन ने रचा इतिहास, 250 रनों की यादगार पारी खेलकर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

चेन्नई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। खिताबी मुकाबले के दूसरे दिन ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 250 रनों की यादगार पारी खेलकर इतिहास रच दिया है।

ईशान ने अपना दोहरा शतक 270 गेंदों में पूरा किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने रिटायर्ड हर्ट होकर ड्रेसिंग रूम लौटने से पहले 301 गेंदों का सामना करते हुए 250 रनों की लाजवाब पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान ईस्ट जोन के कप्तान ने 27 चौके लगाए, जबकि 7 छक्के उनके बल्ले से निकले। ईशान अरुण लाल और सबा करीम के बाद ईस्ट जोन की तरफ से दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने।

हालांकि, ईशान दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में शतक लगाने वाले ईस्ट जोन के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। ईशान से पहले खिताबी मुकाबले में ईस्ट जोन के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड ऋद्धिमान साहा के नाम दर्ज था, जिन्होंने 2012 के फाइनल में 170 रन बनाए थे। ईशान ओवरऑल दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में 200 या उससे ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले सातवें बल्लेबाज बन हैं।

इसके साथ ही बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज वह दलीप ट्रॉफी के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बने हैं। उन्होंने दिनेश कार्तिक के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। कार्तिक ने साल 2010 में दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन की ओर से खेलते हुए 183 रनों की दमदार पारी खेली थी। ईशान दलीप ट्रॉफी के फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर कप्तान भी हैं। ईशान वनडे इंटरनेशनल और दलीप ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।

ईशान किशन ने कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 230 रनों की साझेदारी निभाई। कुशाग्र भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने शतकीय पारी खेली। कुशाग्र ने 132 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और 5 छक्के लगाए। टी-ब्रेक तक ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 626 रन लगा लिए हैं। शिखर मोहन ने भी बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 85 रनों की अहम पारी खेली, जबकि अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 और वैभव सूर्यवंशी ने 44 रनों का योगदान दिया।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story