दुबई जीपी- फज्जा पैरा एथलेटिक्स: 43 मेडल के साथ टॉप पर रहा भारत
दुबई, 17 फरवरी (आईएएनएस)। भारत ने दुबई 2026 ग्रैंड प्रिक्स-फज्जा इंटरनेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। भारत 16 गोल्ड, 13 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज सहित कुल 43 मेडल के साथ मेडल टेबल में टॉप पर रहा।
कोलंबिया और केन्या ने अपने-अपने 20 मेडल में क्रमशः 11 और 6 गोल्ड जीतकर मजबूत प्रदर्शन किया, जबकि मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) 31 पदकों में से 6 गोल्ड के साथ चौथे स्थान पर रहा। यह सत्र का पहला वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री था।
भारत अगला डब्ल्यूपीए ग्रां प्री जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित करेगा। सीजन की शुरुआत आत्मविश्वास के साथ करना बेहद अहम था। भारतीय एथलीट्स ने दुबई क्लब फॉर पीपल ऑफ डिटरमिनेशन में ठीक उसी अंदाज में शानदार प्रदर्शन किया।
दो बार के पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल ने पुरुषों की जेवलिन एफ64 में गोल्ड जीता, जबकि उनके साथी थ्रोअर और पेरिस 2024 के गोल्ड मेडलिस्ट नवदीप (पुरुषों की जेवलिन एफ41) और धर्मबीर नैन (पुरुषों की क्लब थ्रो एफ51) ने भी दुबई में जीत के साथ सीजन की शुरुआत की।
उनके साथ पेरिस 2024 की डबल ब्रॉन्ज मेडलिस्ट प्रीति पाल भी थीं, जिन्होंने महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर टी35 इवेंट्स में क्रमशः गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल जीते। दुबई में उनके मेडल ने पेरिस 2024 पैरालंपिक्स के बाद उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन को और पक्का कर दिया, जहां उन्होंने दो ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीते थे।
उन्होंने कहा, "मेरा लक्ष्य अपना पर्सनल बेस्ट सुधारना और भारत के लिए ज्यादा से ज्यादा गोल्ड मेडल जीतना है। यह तो बस शुरुआत है। मैं भारत के लिए और भी बहुत कुछ हासिल करना चाहती हूं।"
अन्य मुकाबलों में भाग्यश्री एम. जाधव ने महिलाओं की शॉट पुट और भाला फेंक (एफ34) स्पर्धा में भावनात्मक जीत दर्ज की।
जाधव ने कहा, "मैं पिछले 8–10 वर्षों से खेल रही हूं। मैंने पेरिस 2024 पैरालंपिक में हिस्सा लिया था और टोक्यो 2020 पैरालंपिक का भी हिस्सा रही हूं, लेकिन दुबई का अनुभव अलग था। यहां का प्रदर्शन अब तक का मेरा सर्वश्रेष्ठ रहा। दो स्वर्ण पदक जीतना मेरे लिए बड़ी प्रेरणा है। मैं इस आत्मविश्वास को आगे लेकर जाऊंगी और अगले साल विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने का लक्ष्य रखूंगी।"
अन्य स्वर्ण पदक विजेता में नई दिल्ली 2025 वर्ल्ड चैंपियन रिंकू हुड्डा (पुरुषों की जेवलिन एफ46), रियो 2016 ब्रॉन्ज मेडलिस्ट वरुण सिंह भाटी (हाई जंप पुरुष टी42), हांग्जो 2022 गोल्ड एशियन पैरा गेम्स मेडलिस्ट दिलीप महादू गावित (पुरुषों की 400 मीटर टी46) और साहिल सलीम सैय्यद (पुरुषों की डिस्कस व्हीलचेयर पुरुष एफ 54/55) शामिल रहे।
रजत पदक सुनील कुमार, प्रणव सूरमा और गुरुभास्करसे सक्कप्पन ने जीते, जबकि कांस्य पदक रंजीत चंदा, पूनम राम, फातिमा खातून, दीपेश कुमार सहित अन्य एथलीट्स के खाते में आए।
फज्जा चैंपियनशिप लंबे समय से वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स सर्किट का एक अहम पड़ाव रहा है, और दुबई में पदक तालिका में शीर्ष पर रहना आने वाली वैश्विक प्रतियोगिताओं से पहले एक मजबूत संदेश देता है।
--आईएएनएस
आरएसजी

