डीटीसी ने घाटे से मुनाफे की ओर बढ़ाया कदम, आय में 173 करोड़ की बढ़ोतरी: पंकज कुमार सिंह
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। घाटे से मुनाफे की ओर कदम बढ़ाते हुए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने अपने वित्तीय स्थिति में महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया है, जो दिल्ली सरकार के तहत लगातार किए जा रहे सतत सुधारों और बेहतर परिचालन दक्षता का परिणाम है। नवीनतम वित्तीय आंकड़ों के अनुसार डीटीसी की कुल आय 2024-25 में 822.53 करोड़ रुपए से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 26 मार्च तक 995.55 करोड़ रुपए हो गई है, जिसमें लगभग 173 करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज की गई है।
राजस्व प्राप्ति के विभिन्न स्रोतों का विश्लेषण करने से आय में हुई वृद्धि का प्रत्यक्ष विश्लेषण होता है। टिकटों की बिक्री से होने वाली आय 327.23 करोड़ रुपए से बढ़कर 379.77 करोड़ हो गई है, जो साल-दर-साल के हिसाब से 52.54 करोड़ रुपए की वृद्धि है। वहीं, इस दौरान स्पेशल हायर सेवाओं से होने वाली कमाई 82.65 करोड़ रुपए से बढ़कर 99.21 करोड़ रुपए हो गई है, जो इस अवधि में 16.56 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्शाती है।
सबसे अधिक बढ़ोतरी आय के विभिन्न स्रोतों (मिसलेनियस) में दर्ज की गई है, जो 342.67 करोड़ रुपए से बढ़कर 446.59 करोड़ रुपए हो गई है, यानी 103.92 करोड़ रुपए की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है। यह बढ़ोतरी आय के स्रोतों में बेहतर प्रदर्शन के साथ-साथ विज्ञापन, किराया प्राप्ति और जुर्माने की वसूली जैसी अन्य स्रोतों से आय में उल्लेखनीय वृद्धि के कारण संभव हुई है, जो डीटीसी के समग्र वित्तीय सुधार में प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में सामने आई है। यह बढ़ोतरी विभिन्न राजस्व स्रोतों में बेहतर प्रदर्शन और राजस्व प्राप्ति के विस्तार पर केंद्रित प्रयासों के कारण संभव हुई है। परिवहन निगम ने अपनी औसत मासिक आय में भी 68.54 करोड़ रुपए से 82.96 करोड़ रुपए तक की बढ़ोतरी दर्ज की है, जो मजबूत वित्तीय अनुशासन और संसाधनों के प्रभावी उपयोग को दर्शाती है।
दिल्ली परिवहन निगम की इस विशेष उपलब्धि पर प्रकाश डालते हुए परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह बदलाव पूरे डीटीसी परिवार के सामूहिक प्रयासों, प्रतिबद्धता और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सतत मार्गदर्शन और सहयोग के बिना यह बदलाव संभव नहीं था।
परिवहन मंत्री ने आगे जोर देकर कहा कि पिछली सरकारों ने डीटीसी को आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हालत में छोड़ दिया था। डीटीसी पर घाटे और अक्षमताओं का भारी बोझ था। इसके विपरीत हमारी सरकार ने परिवहन निगम को पुनर्जीवित करने, कामकाज के संचालन को सुव्यवस्थित करने का काम किया और निगम को एक आर्थिक रूप से सक्षम, स्थिर और जवाबदेह सार्वजनिक परिवहन इकाई में बदलने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने आगे कहा कि हमारी सरकार का दृष्टिकोण केवल राजस्व बढ़ाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि हमारा मुख्य जोर संस्थागत क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने, सेवा वितरण में सुधार लाने और यह सुनिश्चित करने पर है कि राजधानी दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को विश्वसनीय, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सेवाएं प्राप्त हों।
दिल्ली सरकार डीटीसी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार सुधारों, राजस्व के स्रोतों के विस्तार और आधुनिक एवं सतत परिवहन समाधानों को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता के साथ-साथ यात्रियों के अनुभव को और भी बेहतर बनाया जा सके।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

