शराब के नशे में कलयुगी बाप ने अपनी ही नाबालिग बेटी को बनाया हवस का शिकार, मां की शिकायत पर हुआ गिरफ्तार

जिले में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पिता ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ लगातार तीन महीने तक दुष्कर्म किया। जब बेटी ने अपनी मां को घटना के बारे में बताया तो मां ने पुलिस में शिकायत की। मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार को आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामले की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि यह घटना बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में हुई। यहां एक गांव निवासी किशोरी को उसके पिता ने धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पिता ने किशोरी के साथ घर में लगातार तीन महीने तक दुष्कर्म किया। किशोरी ने कुछ दिन पहले अपने पिता की हरकतों के बारे में अपनी मां को बताया था। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। बेटी के बताने के बाद मां पुलिस के पास पहुंची।
थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में किशोरी की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (3) (बलात्कार) और 506 (आपराधिक धमकी) के साथ ही लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी पिता को रविवार को सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बलिया की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।