डीआरडीओ-आरसीआई भर्ती 2026: अप्रेंटिस के 195 पदों पर आवेदन जारी, जानें डिटेल्स
हैदराबाद, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। दरअसल, डीआरडीओ के अंतर्गत अनुसंधान केंद्र इमारत (आरसीआई) ने एक वर्ष की अवधि के लिए अप्रेंटिस (ग्रेजुएट, डिप्लोमा और आईटीआई ट्रेड) के कुल 195 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
डीआरडीओ-आरसीआई की ओर से अप्रेंटिस पोस्ट के लिए जारी 195 रिक्तियों में ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 50, टेक्नीशियन अप्रेंटिस (डिप्लोमा) के 30 और ट्रेड अप्रेंटिस आईटीआई पास-आउट (एनसीवीटी/एससीवीटी से मान्यता प्राप्त) के 115 पद शामिल हैं।
अप्रेंटिस की इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि समाचार पत्र में विज्ञापन प्रकाशित होने की तिथि से 30 दिन यानी 1 नवंबर तक तय की गई है।
ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे सबसे पहले खुद को एनएटीएस पोर्टल पर रजिस्टर करें और इसके बाद डीआरडीओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए बीई/बीटेक (ईसीई, इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग, ईईई, सीएसई, मैकेनिकल, केमिकल इंजीनियरिंग, मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग, सेफ्टी इंजीनियरिंग, एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग) में, टेक्नीशियन अप्रेंटिस (डिप्लोमा) के लिए डिप्लोमा (ईसीई, इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग, ईईई, सीएसई, मैकेनिकल, केमिकल इंजीनियरिंग, मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग और सेफ्टी इंजीनियरिंग) में और आईडी ट्रेड अप्रेंटिस के लिए आईटीआई (फिटर, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, मैकेनिक - डीजल), इलेक्ट्रॉनिक-मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन और सीओपीए - कंप्यूटर ऑपरेटर प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, ड्राफ्ट्समैन इंजीनियरिंग - मैकेनिकल और ग्राइंडर) में होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, शैक्षणिक योग्यता/साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को स्टाइपेंड डीआरडीओ-आरसीआई के नियमों के अनुसार दिया जाएगा।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को ईमेल के माध्यम से सूचित किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

