Samachar Nama
×

डॉ. मांडविया ने ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए किंग्स बैटन रिले का किया शुभारंभ

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल, श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को साकेत स्थित डीएलएफ एवेन्यू में ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए किंग्स बैटन का अनावरण किया।
डॉ. मांडविया ने ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए किंग्स बैटन रिले का किया शुभारंभ

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल, श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को साकेत स्थित डीएलएफ एवेन्यू में ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए किंग्स बैटन का अनावरण किया।

भारतीय राष्ट्रमंडल खेल संघ (सीजीएआई) द्वारा आयोजित इस समारोह में भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरून और भारतीय राष्ट्रमंडल खेल संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. उषा उपस्थित रहीं। इसके अलावा योगेश्वर दत्त, अचंता शरत कमल और गगन नारंग सहित विभिन्न ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं के साथ-साथ युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रमंडल खेल महासंघ और भारतीय खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने कहा, "किंग्स बैटन रिले राष्ट्रमंडल देशों को एकजुट करने वाले सद्भाव, दृढ़ता और प्रगति का प्रतीक है। बैटन पर की गई कलाकृतियां हमारे राष्ट्र के सार को खूबसूरती से दर्शाती हैं, जो संस्कृति में निहित होने के साथ-साथ प्रगतिशील भावना से ओतप्रोत है। यह वास्तव में दर्शाता है कि कैसे कला और खेल मिलकर स्थिरता और विकास को प्रेरित कर सकते हैं। भारत ने हमेशा लोगों और राष्ट्रों को एक साथ लाने में खेल की शक्ति में विश्वास किया है, और यह क्षण उस विश्वास को पुष्ट करता है। जैसे-जैसे यह बैटन दुनिया भर में यात्रा करती है, अपने साथ मित्रता, समानता और उज्जवल, एकीकृत भविष्य के लिए साझा प्रतिबद्धता का संदेश लेकर चलती है।"

लिंडी कैमरन ने कहा, "किंग्स बैटन रिले यूनाइटेड किंगडम, भारत और व्यापक राष्ट्रमंडल परिवार के बीच स्थायी साझेदारी का प्रतीक है। दिल्ली द्वारा इस अवसर का उत्सव उन साझा मूल्यों को दर्शाता है जो हमें एकजुट करते हैं।"

पी.टी. उषा ने कहा, "बैटन रिले इस बात का प्रमाण है कि खेल समुदायों को जोड़ता है और उत्कृष्टता को प्रेरित करता है। दिल्ली से गुजरते हुए, यह न केवल एथलेटिक भावना का, बल्कि भारत की कलात्मक अभिव्यक्ति और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता का भी जश्न मनाता है। यह अवसर खेल के माध्यम से एकता में हमारे साझा विश्वास को पुष्ट करता है।"

बैटन 12 से 14 नवंबर तक दिल्ली में डीएलएफ एवेन्यू मॉल में सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए उपलब्ध रहेगी, जिसके बाद 14 नवंबर को अगले चरण के लिए अहमदाबाद रवाना होगी। प्रसिद्ध भारतीय दृश्य कलाकार आकिब वानी द्वारा बैटन को डिजाइन किया गया है जो देश की कला, खेल और स्थिरता की जीवंत भावना को दर्शाता है। 2026 राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होने वाले हैं।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story

Tags