Samachar Nama
×

डबल इंजन सरकार ने सभी वर्गों के लिए किया काम, यूपी चुनाव में जनता फिर देगी समर्थन: दारा सिंह चौहान

डबल इंजन सरकार ने सभी वर्गों के लिए किया काम, यूपी चुनाव में जनता फिर देगी समर्थन: दारा सिंह चौहान
डबल इंजन सरकार ने सभी वर्गों के लिए किया काम, यूपी चुनाव में जनता फिर देगी समर्थन: दारा सिंह चौहान

मऊ, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दारा सिंह चौहान ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2029 में भी केंद्र में एनडीए की सरकार बनेगी।

दारा सिंह चौहान ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें आजम खान की याद चुनाव नजदीक आने पर ही आती है। आईएएनएस से बातचीत में मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार चल रही है, जबकि 2014 से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सरकार जाति के आधार पर नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। आजादी के बाद जिन वर्गों की लंबे समय तक अनदेखी हुई, उन्हें भी सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने जैसी योजनाएं लागू की गई हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने और विभिन्न क्षेत्रों में नियुक्तियां करने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि लंबे समय से वेतन वृद्धि की प्रतीक्षा कर रहे कई वर्गों के कर्मचारियों के वेतन में भी बढ़ोतरी की गई है। सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के दम पर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता चुनाव का इंतजार कर रही है और भाजपा को फिर से समर्थन देगी।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात पर चौहान ने सवाल उठाया कि जब आजम खान कानूनी मामलों में उलझे हुए थे, तब अखिलेश यादव को उनकी याद क्यों नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने पर सपा प्रमुख आजम खान से मुलाकात कर राजनीतिक परिस्थितियों को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। आजम खान समाजवादी पार्टी के महत्वपूर्ण नेताओं में रहे हैं और उन्होंने पार्टी के लिए लंबे समय तक काम किया है, लेकिन आजम खान भी समाजवादी पार्टी के रवैये से नाराज हैं।

चौहान ने कहा कि विपक्षी दल भाजपा सरकार के विकास कार्यों से घबराए हुए हैं। इंडिया ब्लॉक की बैठक का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने के बाद से विपक्ष चुनावों में हार के लिए ईवीएम पर सवाल उठाता रहा है। चुनावी नतीजों पर सवाल उठाने वाले विपक्षी दलों को अपने आरोपों के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए।

चौहान ने केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि इन राज्यों में विपक्षी दलों को चुनावी सफलता मिली है, वहां भी ईवीएम का इस्तेमाल हुआ था। ऐसे में चुनावी हार के बाद ही ईवीएम पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story