त्योहारों के बीच महंगाई का डबल डोज: टीवी-एसी से लेकर रोजमर्रा की इन चीजों के दाम बढ़े, जानें आपकी जेब पर कितना असर
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारी की रौनक बढ़ने लगी है। लोग घर की सजावट, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाइयां और ड्राई फ्रूट्स खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन इस बार त्योहार की खरीदारी लोगों की जेब पर भारी पड़ सकती है। टीवी, एसी, घरेलू इस्तेमाल के सामान, मिठाई और ड्राई फ्रूट्स तक की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसकी प्रमुख वजह कच्चे माल की बढ़ती कीमतें, फसल का कम उत्पादन और ट्रांसपोर्टेशन खर्च में इजाफा बताया जा रहा है। ऐसे में इस दिवाली लोगों को खरीदारी के लिए पहले से ज्यादा बजट रखना पड़ सकता है।
टीवी और AC खरीदने के लिए खर्च करने होंगे ज्यादा पैसे
अगर आप दिवाली पर नया टीवी या एयर कंडीशनर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपका बजट बढ़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Haier, LG और Blue Star जैसी कंपनियों ने अपने कई घरेलू उपकरणों की कीमतों में 3 से 7 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है।
वहीं, Havells India भी दिसंबर तिमाही में अपने कुछ प्रोडक्ट्स के दाम 5 से 7 प्रतिशत तक बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनियों के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और जरूरी पार्ट्स की कीमतें बढ़ने से उत्पादन लागत में इजाफा हुआ है। इसी वजह से कंपनियों को कीमतें बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा है।
मिठाइयों के दाम में 15 फीसदी तक बढ़ोतरी
दिवाली पर मिठाइयों की खरीदारी भी इस बार महंगी पड़ सकती है। दूध, खोया, चीनी, ड्राई फ्रूट्स और पैकेजिंग सामग्री के दाम बढ़ने से मिठाई कारोबारियों की लागत बढ़ गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली के कुछ मिठाई कारोबारियों ने कीमतों में करीब 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है। वहीं, जयपुर के एक मिठाई दुकानदार के मुताबिक, उनकी दुकान पर मिठाइयां 10 से 12 प्रतिशत तक महंगी हुई हैं।
बढ़ती लागत को देखते हुए कुछ दुकानदार गिफ्ट पैक में महंगे ड्राई फ्रूट्स की जगह बीजों का इस्तेमाल भी कर रहे हैं, ताकि ग्राहकों को कम कीमत में विकल्प उपलब्ध कराया जा सके।
पिस्ता की कीमत लगभग दोगुनी हुई
ड्राई फ्रूट्स की बात करें तो इस बार पिस्ता सबसे ज्यादा महंगा हुआ है। नट्स एंड ड्राई फ्रूट्स काउंसिल (इंडिया) के अध्यक्ष गुंजन जैन के मुताबिक, पिछले साल की दिवाली की तुलना में पिस्ता की कीमत लगभग दोगुनी हो गई है।
फिलहाल बाजार में पिस्ता करीब 1,500 से 2,100 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि पिछले साल इसकी कीमत लगभग 900 रुपये प्रति किलो थी। इसकी वजह अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में फसल को नुकसान पहुंचना और उत्पादन कम होना बताया जा रहा है। इसके अलावा पश्चिम एशिया में तनाव के कारण आयात और ट्रांसपोर्टेशन का खर्च भी बढ़ा है।
बादाम भी 35 फीसदी तक हुए महंगे
पिस्ता के बाद बादाम की कीमतों में भी अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। नट्स एंड ड्राई फ्रूट्स काउंसिल (इंडिया) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल की दिवाली के मुकाबले बादाम करीब 35 प्रतिशत महंगे हो गए हैं।
फिलहाल बाजार में बादाम की कीमत 1,000 से 1,200 रुपये प्रति किलो के आसपास है। पिछले साल इसी दौरान बादाम करीब 800 से 900 रुपये प्रति किलो बिक रहे थे। ऐसे में इस बार दिवाली पर ड्राई फ्रूट्स के गिफ्ट पैक खरीदने वालों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।
दूध और चीनी महंगी होने से मिठाई कारोबार पर असर
मिठाइयों की कीमतें बढ़ने की एक बड़ी वजह दूध और चीनी की बढ़ती लागत भी है। रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की मंडियों में चीनी की कीमत पिछले महीने 4,800 रुपये प्रति क्विंटल थी, जो बढ़कर करीब 5,700 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है।
वहीं, कर्नाटक सरकार ने नंदिनी दूध की कीमत में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। दूध, खोया और चीनी महंगी होने से मिठाई तैयार करने का खर्च बढ़ गया है। इसका सीधा असर मिठाइयों की खुदरा कीमतों पर देखने को मिल रहा है।
रोजमर्रा के सामान की कीमतों में भी इजाफा
महंगाई का असर सिर्फ त्योहारों की खरीदारी पर नहीं पड़ रहा है, बल्कि रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले सामान भी महंगे हो रहे हैं। साबुन, तेल और दूसरे पैक्ड उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Hindustan Unilever, Dabur और Marico जैसी कंपनियों ने इस साल अपने कई प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ाए हैं। कंपनियों ने इसके पीछे कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और उत्पादन लागत में इजाफे को वजह बताया है।

