Samachar Nama
×

दोपहिया वाहन चोर गिरोह का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की तीन बाइक बरामद

दोपहिया वाहन चोर गिरोह का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की तीन बाइक बरामद
दोपहिया वाहन चोर गिरोह का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की तीन बाइक बरामद

नोएडा, 29 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-3 की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी दिल्ली-एनसीआर और नोएडा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर रेकी करने के बाद मोटरसाइकिल चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की गई बाइकों को दूसरे जिलों में ले जाकर मजबूरी बताकर सस्ते दामों में अलग-अलग लोगों को बेच दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 28/29 अगस्त की रात लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। थाना फेस-3 पुलिस को सूचना मिली थी कि दोपहिया वाहन चोरी में शामिल कुछ आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जागृति अपार्टमेंट्स के पीछे सर्विस रोड, सेक्टर-71 पर घेराबंदी की। यहां से पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद हुईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल यादव (25) निवासी ग्राम बहलोलपुर, थाना सेक्टर-63, गौतमबुद्धनगर, दीपांशु कुमार (20) निवासी हरौड़ा रोड, सिम्भावली, जिला हापुड़, वर्तमान पता ग्राम गढ़ी चौखंडी, थाना फेस-3, गौतमबुद्धनगर और विक्की (24) निवासी ग्राम बेलवा घाट, थाना पिपराही, जिला शिवहर, बिहार, वर्तमान पता ग्राम गढ़ी चौखंडी, थाना फेस-3, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका देखकर वाहन चोरी करने के बाद उन्हें एक स्थान पर छिपाकर रखा जाता था।

जब कई मोटरसाइकिल इकट्ठी हो जाती थीं तो आरोपी उन्हें दूसरे जनपदों में ले जाते थे। वहां लोगों को अपनी मजबूरी बताकर चोरी की मोटरसाइकिलें बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर बेच दी जाती थीं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने वाहनों की चोरी की है और चोरी के वाहन किन-किन लोगों को बेचे गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-3 में वाहन चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से बरामद तीनों मोटरसाइकिलों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की बिक्री के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने वाहन चोरी की कितनी अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags