Samachar Nama
×

दूसरा टेस्ट, तीसरा दिन: अफगानिस्तान ने चटकाए 7 विकेट, मगर जिम्बाब्वे के पास 291 रन की बढ़त

दूसरा टेस्ट, तीसरा दिन: अफगानिस्तान ने चटकाए 7 विकेट, मगर जिम्बाब्वे के पास 291 रन की बढ़त
दूसरा टेस्ट, तीसरा दिन: अफगानिस्तान ने चटकाए 7 विकेट, मगर जिम्बाब्वे के पास 291 रन की बढ़त

शारजाह, 15 नवंबर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे ने शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन तक 291 रन की बढ़त हासिल कर ली है। अफगानिस्तान को पहली पारी में 217 रनों पर समेटने के बाद जिम्बाब्वे ने अपनी दूसरी पारी में 58 ओवरों का सामना करते हुए 7 विकेट खोकर 169 रन बना लिए हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 339 रन बनाए। सलामी जोड़ी के रूप में इनोसेंट काइया ने बेन करेन के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन जुटाए। बेन 5 बाउंड्री के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद काइया ने ब्रेंडन टेलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रन जुटाए।

जिम्बाब्वे ने 200 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवा दिया था। इनोसेंट काइया 1 छक्के और 11 चौकों के साथ 96 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि 291 के स्कोर तक टीम को सातवां झटका भी लग गया। हालांकि, इस बीच ब्रेंडन टेलर (15 बाउंड्री के साथ 119 रन) ने अंतुम नकवी (8) के साथ 35 रन, जबकि तफाद्जवा त्सिगा (20) के साथ छठे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की।

इसके बाद ब्रैड इवांस (नाबाद 32) ने ग्रीम क्रेमर के साथ आठवें विकेट के लिए 21 रन जोड़े, लेकिन 110वें ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर क्रेमर (7) और विन्सेंट मासेकेसा (0) आउट हो गए। अंतिम जोड़ी के रूप में ब्रैड इवांस ने ब्लेसिंग मुजरबानी के साथ 27 रन जुटाकर जिम्बाब्वे को 339 के स्कोर तक पहुंचाया। अफगानिस्तान की तरफ से अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे नसीर खान मारूफखिल ने 44 ओवरों में 151 रन देकर 7 विकेट हासिल किए, जबकि जियाउर रहमान शरीफी ने 2 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में सिर्फ 217 रन पर ढेर हो गई। महज 27 रन तक 2 विकेट गंवाने के बाद हशमतुल्लाह शाहिदी ने रहमानुल्लाह जादरान के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 रन, जबकि कप्तान रहमत शाह के साथ चौथे विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी करते हुए टीम का शतक पूरा करवाया। जादरान ने 34 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि शाहिदी 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद अफसर जजई ने मोर्चा संभाला। उन्होंने रहमत शाह के साथ 36 रन, जबकि नसीम खान के साथ 41 रन जोड़कर टीम को किसी तरह दोहरे शतक तक पहुंचाने में मदद की। जजई 7 चौकों के साथ 63 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डेब्यूटेंट नसीर खान मारूफखिल ने 20 रन टीम के खाते में जोड़े।

श्रीलंका की तरफ से विन्सेंट मासेकेसा ने 54 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि ब्लेसिंग मुजरबानी को 3 सफलताएं हाथ लगीं। इनके अलावा, ग्रेम क्रेमर ने 2 विकेट और ब्रैड इवांस ने 1 विकेट झटका।

जिम्बाब्वे के पास पहली पारी के आधार पर 122 रन की बढ़त थी। इस टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 69.4 ओवरों का सामना किया और 169 रन तक 7 विकेट खो दिए। इनोसेंट काइया ने बेन करेन के साथ पहले विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की। बेन 19 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद काइया ने ब्रेंडन टेलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़कर टीम को 71 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

इनोसेंट काइया 76 गेंदों में 3 चौकों के साथ 33 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ब्रेंडन टेलर ने कप्तान ब्रायन बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 रन जोड़कर टीम को 126 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन बेनेट (28) के पवेलियन लौटने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि 167 रन तक टीम को सातवां झटका भी लग गया। इस बीच ब्रेंडन टेलर 5 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुए।

अफगान खेमे से यामीन अहमदजई, मोहम्मद सलीम सैफी और जियाउर रहमान शरीफी 2-2 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि नसीर खान ने 1 विकेट हासिल किया है।

दोनों देशों के बीच सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। अब दोनों टीमें दूसरे मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेंगी। इससे पहले, अफगानिस्तान ने तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया था।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story