दूसरा टेस्ट: अंतिम दिन न्यूजीलैंड को महज 5 विकेट दरकार, कप्तान जो रूट से इंग्लैंड को आस
लंदन, 20 जून (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की टीम केनिंग्टन ओवल में जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में जीत से महज 5 विकेट दूर है। जीत के लिए 463 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान इंग्लैंड चौथे दिन की समाप्ति तक 5 विकेट खोकर 182 रन बना सकी है। यहां से उसे जीत के लिए 281 रन चाहिए।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 391 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम के लिए ग्लेन फिलिप्स ने सर्वाधिक 100 रन बनाए, जबकि टॉम ब्लंडेल ने 51 रन की पारी खेली। इनके अलावा डेरिल मिचेल ने 44 रन और काइल जेमीसन ने 41 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इंग्लैंड की तरफ से जैकब बेथेल ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले। जोफ्रा आर्चर, मैथ्यू फिशर और सोनी बेकर ने 2-2 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम पहली पारी में सिर्फ 291 रन पर सिमट गई। इस पारी में एमिलियो ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। अर्धशतक जड़ने वालों में मैथ्यू फिशर (नाबाद 50) भी शामिल रहे। कीवी टीम के लिए मैट हेनरी ने सर्वाधिक 5 विकेट निकाले। विलियम ओ'रूर्के ने 2 विकेट प्राप्त किए।
न्यूजीलैंड के पास पहली पारी के आधार पर 100 रन की बढ़त थी। इस टीम ने अपनी दूसरी पारी में 362 रन बनाए। इस पारी में हेनरी निकोल्स ने 121 रन बनाए, जबकि रचिन रवींद्र (76) और डेरिल मिचेल (68) ने अर्धशतक लगाए। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर-मैथ्यू फिशर ने 3-3 विकेट हासिल किए।
जीत के लिए 463 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम चौथे दिन की समाप्ति तक 182/5 का स्कोर बना सकी है। इस टीम ने 40 के स्कोर तक 3 विकेट खो दिए थे। इसके बाद हैरी ब्रूक ने कप्तान जो रूट के साथ चौथे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की।
ब्रूक 58 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद रूट ने जेम्स रेव (15) के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 रन जुटाए। दिन की समाप्ति तक रूट 8 चौकों के साथ 75 रन बनाकर नाबाद हैं। इस पारी में न्यूजीलैंड के लिए काइल जेमीसन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए हैं।
इंग्लैंड ने सीरीज का पहला मैच 115 रन से अपने नाम किया था। अब न्यूजीलैंड के पास बराबरी का शानदार मौका है। सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 25 जून से ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा।
--आईएएनएस
आरएसजी

