दूसरा टी20: अभिषेक, ईशान की शानदार पारी, भारत ने इंग्लैंड को दिया 191 रन का लक्ष्य
मैनचेस्टर, 4 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए हैं।
इस मुकाबले से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत कर रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी भारतीय पारी की शुरुआत करने अभिषेक शर्मा के साथ उतरे। वैभव ने अपनी जानी-पहचानी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक दिखाई और 2 छक्के लगाए, लेकिन उनकी पारी लंबी नहीं चल सकी। वैभव 10 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए। वह विल जैक्स की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में स्टंप आउट हो गए। वैभव और अभिषेक के बीच पहले विकेट के लिए 4.5 ओवर में 50 रन की साझेदारी हुई।
वैभव के आउट होने के तुरंत बाद अभिषेक भी आउट हो गए। अपना 50वां मुकाबला खेल रहे अभिषेक ने 24 गेंदों पर 1 छक्के और 8 चौकों की मदद से 43 रन बनाए।
ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर के बीच तीसरे विकेट के लिए 65 रन की अहम साझेदारी हुई। ईशान अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। वह 40 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए, जबकि श्रेयस 22 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुए।
तिलक वर्मा ने 11 गेंदों पर 2 छक्कों और 1 चौके की मदद से नाबाद 24 रन बनाकर टीम को 190 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हर्षित राणा ने 3 गेंदों पर 1 छक्के की मदद से 6 रन बनाए।
इंग्लैंड की तरफ से सैम करन सबसे सफल गेंदबाज रहे। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट लिए। विल जैक्स और लियाम डॉसन को 1-1 विकेट मिले। जोफ्रा आर्चर को भी 1 विकेट मिला।

