दूसरा वनडे: हरमनप्रीत-दीप्ति के शतक, गेंद से दीप्ति-वैष्णवी ने बिखेरा जलवा, भारत को मिली अजेय बढ़त
वडोदरा, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 121 रनों से जीत हासिल की। इसी के साथ 'विमेन इन ब्लू' ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
भारत ने रायपुर में खेले गए तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया था, जिसके बाद मेजबान टीम ने वनडे सीरीज के पहले मैच को 9 विकेट से अपने नाम किया था। सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 28 अक्टूबर को वडोदरा में आयोजित होगा, जिसमें जिम्बाब्वे सम्मान बचाने के मकसद से उतरेगी।
वडोदरा में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शतकों की बदौलत 328/6 का स्कोर बनाया। मेजबान टीम ने 19 के स्कोर तक कप्तान स्मृति मंधाना (0) और शेफाली वर्मा (8) के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद हरमनप्रीत कौर ने प्रतिका रावल के साथ तीसरे विकेट के लिए 118 गेंदों में 124 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।
प्रतिका 67 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 61 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद हरमनप्रीत ने दीप्ति शर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 137 गेंदों में 153 रन जोड़कर टीम को 300 के पार पहुंचा दिया।
हरमनप्रीत कौर 121 गेंदों में 15 चौकों के साथ 126 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि दीप्ति ने 86 गेंदों में नाबाद 106 रन बनाए। उनकी इस पारी में भी 15 चौके शामिल रहे। मेहमान खेमे से नोमवेलो सिबांडा ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि तेन्दई मकुशा, मिशेल मावुंगा, न्याशा ग्वांजुरा और ओलिंडर चारे ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 48.5 ओवरों में 207 रन पर सिमट गई। मोडेस्टर मुपाचिकवा ने लोरीन फिरी के साथ पहले विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की। फिरी 6 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद मुपाचिकवा ने चिपो मुगेरी-तिरिपानो के साथ दूसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचाया।
तिरिपानो 57 गेंदों में 7 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही। इस बीच मुपाचिकवा ने 9 चौकों के साथ 49 रन बनाए, जबकि बेलोवेड बिजा ने 34 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
भारत की तरफ से वैष्णवी शर्मा ने 39 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट निकाले। इनके अलावा, सायली सतघरे, जिंतिमानि कलिता और श्री चरणी को 1-1 सफलता हाथ लगा।
--आईएएनएस
आरएसजी

