‘अभी ना जाओं छोड़ कर’… जाते समय पकड़ा दुपट्टा, गर्लफ्रेंड ने उसी से घोंट दिया ब्यॉयफ्रेंड का गला और फिर..

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक चौंकाने वाली घटना घटी है। यहां एक लड़की और एक लड़का लिव-इन हाउस में रहते थे। लड़की अपने घर जाना चाह रही थी, लेकिन लड़का चाहता था कि वह कुछ और समय तक रुके। जब लड़की नहीं मानी तो लड़के ने उसका दुपट्टा पकड़ लिया। इसी बीच लड़की ने उसी दुपट्टे से लड़के का गला घोंट दिया। जब लड़के की मौत हो गई तो आरोपी लड़की खुद थाने पहुंची और पुलिस को बताया कि उसने लड़के की हत्या कर दी है।
लड़की का यह कबूलनामा सुनकर पुलिस को पहले तो यकीन नहीं हुआ। फिर जब लड़की ने दोबारा बताया तो पुलिसवाले भी हैरान रह गए। मामला इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने युवती को हिरासत में लेने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, लड़की अपने प्रेमी संस्कार के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी।
ये दोनों काफी समय से प्रेम संबंध में थे, लेकिन जब परिवार वालों ने आपत्ति जतानी शुरू की तो दोनों अलग-अलग किराए के मकान में रहने लगे। पुलिस के अनुसार इस बीच लड़की ने बुधवार को घर जाने की इच्छा जताई। संस्कार ने उसे रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन जब लड़की नहीं मानी तो संस्कार ने उसे कुछ देर और इंतजार करने को कहकर रोकने की कोशिश की। इस पर लड़की को गुस्सा आ गया। उसने उसी दुपट्टे से संस्कार का गला घोंट दिया।
इसके बाद वह खुद थाने पहुंच गई। वहां उसने पुलिस को बताया कि उसने अपने प्रेमी की हत्या कर दी है। युवती की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंदौर के एसीपी देवेंद्र धुर्वे के मुताबिक, आरोपी लड़की मेकअप आर्टिस्ट है। वह कुछ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए संस्कार के संपर्क में आई थी। संस्कार इंदौर में रैपिड टैक्सी चलाता था। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे और बाद में दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।