Samachar Nama
×

'कट्टरपंथ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा', करीना कपूर के पेंडेंट पहनने पर नेताओं और जगद्गुरु परमहंस आचार्य की प्रतिक्रिया

'कट्टरपंथ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा', करीना कपूर के पेंडेंट पहनने पर नेताओं और जगद्गुरु परमहंस आचार्य की प्रतिक्रिया
'कट्टरपंथ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा', करीना कपूर के पेंडेंट पहनने पर नेताओं और जगद्गुरु परमहंस आचार्य की प्रतिक्रिया

अयोध्या, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री करीना कपूर द्वारा दीपावली के दौरान पहना गया 30 कैरेट पन्ना जड़ा पेंडेंट चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मुद्दे पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। भोपाल कांग्रेस के नेता और प्रवक्ता अब्बास हफीज ने पेंडेंट को लेकर आपत्ति जताई है, जबकि छावनी पीठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य, शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी और हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने करीना कपूर के समर्थन में बयान दिया है।

तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने आईएएनएस के साथ बातचीत में अभिनेत्री करीना कपूर का समर्थन किया है। उनका कहना है कि भारत एक संवैधानिक देश है और यहां पर हर किसी को अपनी पसंद के कपड़े पहनने और अपने तरीके से जीवन जीने की आजादी है।

उन्होंने कहा, "भारत एक संवैधानिक राष्ट्र है और यहां पर क्रूरता और कट्टरपंथ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी को संविधान के दायरे में रहना होगा। यहां पर रहने वाला प्रत्येक नागरिक संविधान के दायरे में रहेगा और अगर इससे हटकर कोई यहां पर कट्टरता, क्रूरता या शरिया कानून चलाने का प्रयास करेगा, तो उसके ऊपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"

उन्होंने कहा, "मैं करीना कपूर का समर्थक नहीं हूं, लेकिन यह जरूर कहूंगा कि भारत में महिलाओं का सम्मान देवियों जैसा है। हमारे यहां कन्या पूजन होता है। महिलाएं क्या पहन रही हैं और किस तरह के कपड़े पहन रही हैं, उनके ऊपर लीगल नोटिस भेजने वाले के ऊपर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। अयोध्या नगरी से तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगदगुरु परमहंस आचार्य होने के नाते, मैं उस व्यक्ति की निंदा करता हूं, जिसने करीना कपूर की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर अपनी घृणित मानसिकता का प्रदर्शन किया है।"

शिवसेना नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने करीना कपूर का समर्थन करते हुए कहा कि इस तरह की बातें कांग्रेस लाइमलाइट में आने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा, "ये अब्बास हफीज कौन हैं और उन्हें करीना कपूर के पहनावे से इतनी आपत्ति क्यों हो रही है? अभिनेत्री ने अपनी विरासत का पीस पहना है, कहीं से चोरी या उधार मांगकर तो पहना नहीं है।"

उन्होंने आगे कहा, "यह उस व्यक्ति की इच्छा होनी चाहिए कि वह हार पहने, पीस या फिर ताबीज पहने या नहीं। इतनी छोटी-छोटी चीज़ के लिए शिकायत दर्ज करवाई जाती है, तो एक चीज़ स्पष्ट होती है कि कांग्रेस पार्टी पब्लिसिटी या मीडिया के सामने बने रहने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।"

उन्होंने करीना कपूर का समर्थन करते हुए कहा, "करीना कपूर क्यों माफी मांगे? उन्होंने कोई गलती नहीं की है। उन्होंने तो बस अपनी विरासत की चीज़ ही पहनी है। अपनी चीज़ कब, कहाँ और किस जगह पहननी चाहिए, यह उनका मत होगा। खैर, कांग्रेस पार्टी बौखला गई है और मीडिया के सामने बने रहने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।"

हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने पेंडेंट विवाद के बीच करीना कपूर का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री को किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है और पेंडेंट पहनना स्वाभाविक है, क्योंकि यह गले में पहनने के लिए है।

उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा, "करीना कपूर ने पेंडेंट गले में और हृदय के पास पहना है। जब कोई भी व्यक्ति कमर के ऊपर के भाग में कुछ पहनता है, तो वह शरीर के लिए पवित्र माना जाता है। पेंडेंट को जब हृदय के पास पहनते हैं, तो पूरे दिन आपके आस-पास सकारात्मकता बनी रहती है और अगर उसमें आयतें भी लिखी हैं, तो मुझे नहीं लगता है कि उन्होंने इसे अपवित्र स्थल पर पहना होगा।"

उन्होंने आगे कहा, "पेंडेंट गले में पहनने के लिए बना है, न कि कहीं सजाने के लिए। हो सकता है कि शादी से पहले करीना ने अपने पति सैफ अली खान से कहा होगा कि शादी के बाद हम दोनों अपने-अपने धर्म को मानेंगे। इसी के साथ ही, वह भोपाल रियासत की बहू भी हैं, तो स्वाभाविक है कि पुरखों से चली आ रही चीज को वे पहनेंगी और इसे पहनने के लिए उन्हें दीपावली का अवसर सही लगा होगा, तो मुझे नहीं लगता है कि उन्होंने कुछ गलत किया है।"

--आईएएनएस

एनएस/एएस

Share this story