Samachar Nama
×

दिवाली की रात बुराड़ी में दो भाइयों से लूटपाट, चाकू-रॉड से हमला कर नई बुलेट में लगाई आग

दिवाली की रात बुराड़ी में दो भाइयों से लूटपाट, चाकू-रॉड से हमला कर नई बुलेट में लगाई आग
दिवाली की रात बुराड़ी में दो भाइयों से लूटपाट, चाकू-रॉड से हमला कर नई बुलेट में लगाई आग

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली की रात दिल्ली में बुराड़ी स्थित गांधी चौक के पास 10-15 लोगों के समूह ने दो भाइयों पर हमला कर लूट लिया। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने उनसे कैश लूट लिया और मोबाइल छीनकर तोड़ दिए और डंडों व चाकू से मारपीट करने के बाद उनकी नई बुलेट बाइक में आग लगा दी।

आदेश नाम के पीड़ित ने कहा कि हम दिवाली मनाकर रात 11 बजे के करीब कहीं से आ रहे थे। अचानक एक जगह पर 10-15 गुंडे खड़े थे, उन्होंने सीधे हमारी जेब में हाथ डालकर पैसे और फोन छीनने की कोशिश की। जब हमने इसका विरोध किया तो उन्होंने लाठी, डंडे, चाकू और रॉड से जानलेवा हमला कर दिया।

आदेश ने कहा कि हम उन्हें जानते भी नहीं थे। उन्होंने हमारे सिर पर रॉड से हमला किया, जिससे काफी गहरी चोट आई। मेरे सिर में पांच-छह टांके भी लगे हैं। जब हम अपनी जान बचाकर वहां से भागे तो उन्होंने हमारी बाइक को भी आग के हवाले कर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस से हमने शिकायत की। 100 नंबर पर कई बार कॉल की, लेकिन लगभग दो घंटे बाद पीसीआर पहुंची और वह भी मौके पर नहीं आई। हमें खुद गली तक जाकर पुलिस को ढूंढ़ना पड़ा।

आदेश ने बताया कि यह घटना रात लगभग 11 बजे से 11:30 बजे के बीच हुई थी। अभी तक किसी को पकड़ा नहीं गया है। यह सबसे नाकाम पुलिस है, जिसने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। बारह घंटे से ज्यादा हो चुके हैं। हमलावरों में से एक-दो लोग पहचान के थे, जो छह नंबर गली में रहते हैं। हम जान बचाने के लिए छह नंबर गली में एक घर के अंदर घुस गए थे, लेकिन वहां भी उन्होंने पत्थरों से हमला कर दिया। उन्होंने पैसे भी लूट लिए।

उन्होंने कहा कि मेरे पास लगभग 17-18 हजार रुपए और मेरे भाई के पास 6-7 हजार रुपए थे। वह भी छीन लिए गए। मेरे छोटे भाई को भी चाकू मारा गया है। इसकी पीठ में चाकू घोंप दिया गया और आंख पर रॉड से हमला किया गया। इसके सिर और शरीर पर भी कई गंभीर चोटें आई हैं।

दूसरे पीड़ित ने कहा कि हम यहां आ रहे थे, तभी उन्होंने जेब में हाथ डाला। मैंने उनका हाथ हटाने की कोशिश की तो उन्होंने मारना शुरू कर दिया। वे लगभग 15-20 लोग थे। जब हम भागने लगे तो आखिर में उन्होंने हमारी बाइक में आग लगा दी। पुलिस ने अभी तक कुछ नहीं किया है। घटना कल रात 11 बजे हुई थी और अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि मेरे और भाई के पास सारा कैश लूट लिया गया। उन्होंने चाकू भी मारा है। पीठ पर सात टांके लगे हैं। आंख पर भी हमला किया गया।

--आईएएनएस

केके/वीसी

Share this story

Tags