दिशा केस में सीबीआई की एफआईआर से मिली शांति, न्याय की जगी उम्मीद : सतीश सालियान
मुंबई, 15 सितंबर (आईएएनएस)। दिशा सालियान की मौत के मामले में सीबीआई की ओर से केस दर्ज किए जाने के बाद उनके पिता सतीश सालियान को न्याय की उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज होने से उन्हें शांति मिली है और अब उन्हें पूरी उम्मीद है कि जांच के जरिए उनकी बेटी की मौत से जुड़े सवालों के जवाब सामने आएंगे।
सीबीआई की ओर से केस दर्ज किए जाने पर सतीश सालियान ने कहा कि अब उन्हें 100 प्रतिशत उम्मीद है कि उनकी बेटी को इंसाफ मिलेगा। एफआईआर दर्ज होने के बाद उनके मन को शांति मिली है और उन्हें भरोसा है कि जांच आगे बढ़ेगी। लेकिन, वास्तविक खुशी तब होगी, जब जांच पूरी होगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। उन्होंने आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली, डिनो मोरिया और कुछ अन्य लोगों के नाम लेते हुए उनके खिलाफ जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सतीश सालियान ने बताया कि सीबीआई से पूछताछ के दौरान उन्होंने दिशा सालियान मामले को लेकर कई लोगों के नाम और अपनी शंकाओं से जुड़ी बातें साझा की थीं। उन्होंने परमबीर सिंह, सचिन वाजे और रिया चक्रवर्ती समेत अन्य लोगों का भी उल्लेख किया। उनका आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने मामले से जुड़े व्यक्तियों को कथित तौर पर संरक्षण देने या सबूतों को प्रभावित करने की कोशिश की। उनके पास जांच एजेंसी को बताने के लिए कई बातें हैं और जरूरत पड़ने पर वह विस्तृत जानकारी देने के लिए तैयार हैं।
सतीश सालियान ने अपनी बेटी की मौत की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर सामने आई कहानी और उनके मन में मौजूद सवालों के बीच उन्हें कई विसंगतियां नजर आती हैं। उन्होंने कहा कि मैंने सीबीआई को इस संबंध में महत्वपूर्ण बिंदुओं और संभावित सबूतों के बारे में बताया है। जांच एजेंसी को इन सभी पहलुओं की वैज्ञानिक और निष्पक्ष तरीके से जांच करनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना वास्तव में किस परिस्थितियों में हुई थी।
सूरज पंचोली की ओर से दिशा सालियान को जानने से इनकार किए जाने के सवाल पर सतीश सालियान ने कहा कि किसी व्यक्ति के बयान से ज्यादा महत्वपूर्ण जांच में सामने आने वाले सबूत होते हैं। यदि किसी की भूमिका है तो जांच के दौरान उसे प्रमाणित किया जाना चाहिए। वह अपने आरोपों को जांच के सामने रखेंगे और उम्मीद करते हैं कि सबूतों के आधार पर सच्चाई सामने आएगी।
सतीश सालियान ने उस समय को याद करते हुए बताया कि दिशा की मौत की जानकारी मिलने से पहले पुलिस की ओर से परिवार को यह बताया गया था कि किसी पार्टी से जुड़े मामले के सिलसिले में उन्हें पुलिस स्टेशन आना है। उन्होंने कहा कि परिवार जब मालवणी पुलिस स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में दोस्तों से दिशा की मौत की जानकारी मिली। परिवार को पहले ही स्पष्ट रूप से घटना की जानकारी नहीं दी गई थी। पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद उन्हें वास्तविक स्थिति के बारे में पता चला।
सतीश सालियान ने पहले हुई एसआईटी जांच को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जांच शुरू करने से संबंधित प्रक्रिया में उन्होंने सहयोग किया था, लेकिन उनके मुताबिक लंबे समय तक जांच में कोई स्पष्ट प्रगति दिखाई नहीं दी। यदि एसआईटी जांच कर रही थी तो इतने लंबे समय में क्या निष्कर्ष सामने आए। जांच प्रभावी तरीके से नहीं की गई और कुछ लोगों को बचाने की कोशिश हुई।
दिशा के पिता ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में पुलिस और पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों का रुख किया। जब उन्हें अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिली तो उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट में भी मामले को आगे बढ़ने में काफी समय लगा। अब सीबीआई की ओर से एफआईआर दर्ज होने के बाद उन्हें उम्मीद है कि जांच तेजी से आगे बढ़ेगी।
जब उनसे पूछा गया कि सीबीआई की एफआईआर में फिलहाल किसी व्यक्ति को आरोपी के तौर पर नामजद नहीं किया गया है और अभी तक किसी को पूछताछ के लिए नहीं बुलाया गया है, तो उन्होंने कहा कि जांच की शुरुआत हुई है और आने वाले समय में स्थिति स्पष्ट हो सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में जांच एजेंसी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी और जिन लोगों से पूछताछ जरूरी होगी, उनसे पूछताछ की जाएगी।
सतीश सालियान ने कहा कि पिछले करीब छह वर्षों के दौरान परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने धैर्य बनाए रखा और न्याय के लिए अलग-अलग स्तरों पर प्रयास करते रहे। लंबे समय तक अदालत में मामला चलना भी उनके लिए पीड़ादायक रहा, लेकिन अब सीबीआई जांच शुरू होने के बाद उन्हें उम्मीद की नई वजह मिली है।
सरकार पर भरोसे के सवाल पर सतीश सालियान ने कहा कि उन्हें मौजूदा सरकार पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि सरकार उन्हें इंसाफ दिलाने में सहयोग करेगी। उन्होंने अनुमान जताया कि आने वाले दो-तीन महीनों में जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हो सकती है।
सतीश सालियान ने आगे कहा कि यदि सीबीआई उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाती है तो वह पूरी तरह सहयोग करने के लिए तैयार हैं। बेटी के लिए न्याय की मांग को लेकर वह जांच एजेंसी के सामने उपलब्ध सभी जानकारी साझा करेंगे।
--आईएएनएस
पीएसके

