दिनेश कार्तिक: आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को बनाया था चैंपियन
नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टाइलिश विकेटकीपर बल्लेबाज रहे दिनेश कार्तिक सोमवार को 41 साल के हो रहे हैं। क्रिकेट से संन्यास के बाद कार्तिक कोचिंग और कमेंट्री के क्षेत्र में सक्रिय हैं और बड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं। कार्तिक का अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल करियर लंबा रहा है, लेकिन उन्हें 2018 में निदाहास ट्रॉफी फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई असाधारण पारी और आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारतीय टीम को चैंपियन बनाने के लिए याद किया जाता है।
कार्तिक का जन्म 1 जून 1985 को चेन्नई में हुआ था। मात्र 17 साल की उम्र में, 2002 में, तमिलनाडु के लिए उन्होंने प्रथम श्रेणी में डेब्यू किया।
कार्तिक ने घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से काफी प्रभावित किया, और यही वजह रही कि घरेलू क्रिकेट में पदार्पण के मात्र 2 साल बाद, यानी 2004 में, उन्हें भारतीय टीम में टेस्ट और वनडे में डेब्यू का मौका मिल गया। 2006 में भारतीय टीम के पहले टी20 मैच में भी वह खेले थे और प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।
कार्तिक 2004 से 2022 के बीच कई बार भारतीय टीम से अंदर-बाहर हुए। टी20 विश्व कप 2022 के बाद उन्हें टीम इंडिया में मौका नहीं मिला। कार्तिक 2007 में टी20 विश्व कप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे।
कार्तिक को उनके करियर में सबसे ज्यादा 2018 में निदाहास ट्रॉफी के फाइनल में उनकी 8 गेंदों पर खेली गई नाबाद और मैच विजयी 29 रन की पारी के लिए याद किया जाता है। बांग्लादेश के खिलाफ हुए फाइनल में कार्तिक ने सौम्य दास के आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को चैंपियन बनाया था।
कार्तिक के लिए यह पारी उनके करियर के आखिरी दौर में संजीवनी साबित हुई थी। उन्हें फिनिशर के तौर पर जाना जाने लगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल में बड़े अवसर मिले जिसमें आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में मौका और केकेआर की कप्तानी भी शामिल है। कार्तिक ने निचले क्रम में अपनी बल्लेबाजी के अंदाज को बदला था और बेहतरीन फिनिशर के रूप में उभरे थे। आईपीएल करियर के आखिरी कुछ सीजन में वह आरसीबी के बेहतरीन फिनिशर और भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे थे।
दिनेश कार्तिक ने भारतीय टीम के लिए तीनों फॉर्मेट खेला है। कार्तिक के नाम 26 टेस्ट की 42 पारियों में 1 शतक और 7 अर्धशतक की मदद से 1,025 रन, 94 वनडे की 79 पारियों में 9 अर्धशतक लगाते हुए 1,752 रन और 60 टी20 की 48 पारियों में 686 रन दर्ज हैं।
कार्तिक का आईपीएल करियर भी बेहतरीन रहा है। 2008 से लेकर 2024 तक वह लगातार इस लीग का हिस्सा रहे। कार्तिक ने इस दौरान दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस, आरसीबी, गुजरात लायंस, और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेला है। आईपीएल 2024 में आरसीबी की तरफ से उन्होंने आईपीएल का आखिरी सीजन खेला था।
आईपीएल करियर में कार्तिक ने 257 मैचों की 234 पारियों में 22 अर्धशतक लगाते हुए 4,842 रन बनाए हैं और लीग के इतिहास के सबसे सफल विकेटकीपर बल्लेबाजों में से एक हैं।
दिनेश कार्तिक ने जून 2024 में क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद वह आरसीबी ने उन्हें मेंटॉर और बल्लेबाजी कोच बनाया। कार्तिक की मेंटॉरशिप में आरसीबी आईपीएल 2025 में पहली बार चैंपियन बनी थी। संन्यास के बाद कोचिंग के साथ ही कार्तिक अंतरराष्ट्रीय मैचों में कमेंटेटर के रूप में भी काफी लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं। कार्तिक के विश्लेषण को काफी पसंद किया जाता है।
--आईएएनएस
पीएके

