दिल्ली के पर्यावरण मंत्री सिरसा और भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने किया पौधरोपण, वन्यजीव मास्टर प्लान की दी जानकारी
नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और केंद्रीय राज्यमंत्री और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने 'एक पेड़ मां के नाम' कैंपेन के तहत गुरुवार को पीबीजी ग्राउंड में पौधे लगाए। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर हर्ष मल्होत्रा और पवन राणा के निरंतर प्रयास और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने की पहल की सराहना की।
केंद्रीय राज्यमंत्री और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "दिल्ली में सरकार बनने के बाद से हर सेक्टर में लगातार काम और विकास हो रहा है। यह हर तरह का यानी 360 डिग्री विकास है। अगर पर्यावरण की बात करें, तो पिछली सरकारों ने पर्यावरण के नाम पर सिर्फ शोर मचाया और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए लेकिन असल में कुछ नहीं किया। सरकार बनने के बाद दिल्ली के पर्यावरण मंत्री सिरसा ने रेखा गुप्ता के साथ मिलकर पूरे दिल्ली में 70 लाख पेड़ लगाने का कैंपेन शुरू किया।"
दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "प्रधानमंत्री द्वारा पेड़ लगाने के लिए शुरू किए गए दूसरे कैंपेन 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' की शुरुआत दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा की अध्यक्षता में की गई। अब तक इस कैंपेन के तहत 50 लाख पेड़ और पौधे लगाए जा चुके हैं। इनमें से 15 लाख पेड़ और पौधे वन विभाग ने लगाए हैं।"
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि, "वन्यजीवों के मामले में, हमने दिल्ली के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया है। यह प्लान इस बात पर केंद्रित है कि वन्यजीवों को कैसे बचाया और बढ़ाया जाए और उनके सामने आने वाले खतरों और चुनौतियों का सामना कैसे किया जाए। यहां तेंदुए, हिरण और जानवरों की कई अन्य प्रजातियां हैं। उनकी सुरक्षा और उनकी संख्या बढ़ाने के लिए, हमने योजना बनाई है कि कैसे जलाशय विकसित किए जाएं और उनके प्राकृतिक आवास और भोजन के स्रोतों का विस्तार कैसे किया जाए। हमने एक व्यापक वन्यजीव मास्टर प्लान तैयार किया है जिसमें बताया गया है कि हम अगले 10 वर्षों में कैसे काम करेंगे।"
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "दिल्ली में अब काफी वन्यजीव हैं। उन वन्यजीवों को बचाने और उनके आवास का विस्तार करने के लिए, हमने एक विस्तृत योजना तैयार की है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनके आवास में पानी उपलब्ध हो, ताकि उन्हें सड़कों पर न आना पड़े। इसमें जलाशय बनाना और अन्य जरूरी उपाय करना शामिल है।"
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

