दिल्ली में ट्रेन-मेट्रो के बंद होने पर दीपक बैज ने उठाए सवाल, बोले- देश में इमरजेंसी जैसे हालात
रायपुर, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात पर लगी पाबंदियों को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की ओर जाने वाली ढाई सौ से अधिक ट्रेनें रद्द की गई हैं और कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। बैज ने कहा कि दिल्ली में इमरजेंसी जैसे हालात बना दिए गए हैं।
दीपक बैज ने कहा कि जंतर-मंतर से लेकर राजधानी के बड़े हिस्से को किले में तब्दील कर दिया गया है। एक लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की घेराबंदी की गई है। रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं। यात्री बसों, एंबुलेंस और निजी गाड़ियों की जांच की जा रही है। होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट बंद कराए गए हैं और दिल्ली से जुड़ने वाली सड़कों पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं के बावजूद देश के विभिन्न राज्यों से युवा लगातार दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। वोट चोरी के खिलाफ चल रहा आंदोलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के बाद ही रुकेगा। आने वाले समय में यह आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है। उन्होंने राहुल गांधी को देश की आवाज बताते हुए कहा कि वह लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं।
इंडिया गठबंधन के वोट चोरी के आरोपों और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात पर भी दीपक बैज ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता, जिनमें मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल थे, राष्ट्रपति से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के दौरान विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की रक्षा के प्रयासों के लिए एक सकारात्मक संदेश बताया। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में संघर्ष बढ़ सकता है और इसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।
इसके अलावा, राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे पर बैज ने कहा कि बस्तर में जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों की रक्षा के साथ-साथ बोधघाट परियोजना से प्रभावित लोगों के मुद्दों पर पार्टी की बैठकें हो चुकी हैं। इस संबंध में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के साथ भी चर्चा की गई है। कांग्रेस चाहती है कि राहुल गांधी जल्द छत्तीसगढ़ आएं और बस्तर में प्रभावित लोगों से मुलाकात करें। राहुल गांधी का दौरा प्रस्तावित है और उनके समय देने पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आदिवासियों और प्रभावित परिवारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए एक बड़ा कार्यक्रम भी आयोजित करने की योजना है।
--आईएएनएस
पीएसके

