Samachar Nama
×

दिल्ली में एनसीपी की बड़ी बैठक, युवाओं की आवाज और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन

दिल्ली में एनसीपी की बड़ी बैठक, युवाओं की आवाज और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन
दिल्ली में एनसीपी की बड़ी बैठक, युवाओं की आवाज और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन

दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली स्थित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) के राष्ट्रीय मुख्यालय में बुधवार को संगठनात्मक विषयों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध मोहिते पाटिल तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय प्रजापति ने दिल्ली प्रदेश के युवा पदाधिकारियों और छात्र नेताओं के साथ विस्तार से चर्चा की।

बिंदु युवाओं को संगठन से जोड़ना, उनकी समस्याओं को राजनीतिक मंच तक पहुंचाना और संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाना रहा। बैठक में दिल्ली में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवा और छात्र वर्ग से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष रखने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर गहन मंथन हुआ।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव सुबोध मोहिते पाटिल ने कहा कि युवाओं की भागीदारी किसी भी संगठन के भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़े रोजगार, शिक्षा और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाने की जरूरत है। युवा केवल संगठन के कार्यकर्ता नहीं, बल्कि देश के वर्तमान और भविष्य की महत्वपूर्ण शक्ति हैं, इसलिए उनकी बात सुनना, उनकी अपेक्षाओं को समझना और उन्हें निर्णय प्रक्रिया से जोड़ना आवश्यक है।

मोहिते पाटिल ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार और युवा सांसद पार्थ पवार युवाओं के मुद्दों को लगातार राजनीतिक मंच पर मजबूती से उठाते रहे हैं। जेन-जी की बात को उन्होंने हमेशा प्रमुखता से रखा है। बैठक में संगठन में युवाओं को अधिक अवसर और प्रतिनिधित्व देने की दिशा में आगे की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बूथ स्तर पर संपर्क बढ़ाने, युवाओं के बीच संवाद मजबूत करने तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

वहीं, राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय प्रजापति ने युवा पदाधिकारियों और छात्र नेताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे महानगर में युवा वर्ग के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने के लिए निरंतर संवाद और सक्रियता जरूरी है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story