Samachar Nama
×

दिल्ली में प्रदर्शनों से व्यापार को 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान : भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल

दिल्ली में प्रदर्शनों से व्यापार को 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान : भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल
दिल्ली में प्रदर्शनों से व्यापार को 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान : भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने दिल्ली में हाल के दिनों में हुए विरोध-प्रदर्शनों और धरनों के कारण व्यापार को हुए नुकसान पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इन प्रदर्शनों से दिल्ली के कारोबार को 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इसके अलावा, उन्होंने मौलाना अरशद मदनी के बयान की आलोचना करते हुए इसे सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाला बताया।

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली देश का सबसे बड़ा व्यापार वितरण केंद्र है और यहां खरीदारी के लिए दूसरे राज्यों से भी लाखों लोग आते हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों में कारोबार बढ़ जाता है, क्योंकि लोग बड़ी संख्या में खरीदारी करने के लिए घरों से निकलते हैं। हालांकि, हाल के दिनों में विरोध-प्रदर्शनों और धरनों के कारण व्यापार प्रभावित हुआ है।

खंडेलवाल ने कहा कि इन प्रदर्शनों से व्यापार को 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि प्रदर्शनकारियों के लिए दिल्ली के बाहरी इलाकों में कुछ स्थान निर्धारित किए जाएं, ताकि लोग अपनी मांगों को उठा सकें और राजधानी के बाजारों तथा कारोबार पर इसका प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर देश में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष एक स्थिर भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। उनके मुताबिक, हाल के दिनों में हुई घटनाएं इसका उदाहरण हैं।

उन्होंने बताया कि भाजपा 'अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' नाम से राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेगी। इसके तहत पदयात्राओं के माध्यम से लोगों को कांग्रेस और विपक्षी दलों की गतिविधियों के बारे में बताया जाएगा। खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि विपक्ष देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।

भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के राजनीतिक संबंधों को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी होने के बावजूद कुछ मामलों में हेमंत सोरेन की सोच की सराहना की जा सकती है। सोरेन समझते हैं कि कांग्रेस अब राजनीतिक बोझ बन चुकी है और उसके साथ गठबंधन करने वाले दलों को नुकसान हो सकता है।

उन्होंने वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख की आलोचना की। शाहदेव ने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों और एसआईआर पर अलग-अलग बयानों के कारण विपक्ष का पक्ष कमजोर हुआ है।

भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने उत्तर प्रदेश की राजनीति पर कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा की ही सरकार बनेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता योगी सरकार के कामकाज को स्वीकार कर रही है।

चंदोलिया ने कहा कि भाजपा ने गुंडागर्दी पर अंकुश लगाया है और सुशासन दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहे अन्य दलों के साथ चुनाव लड़े या अकेले, उत्तर प्रदेश में सरकार भाजपा के नेतृत्व की ही बनेगी।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story