Samachar Nama
×

दिल्ली में कपड़े की दुकान के ट्रायल रूम में मिला 19 वर्षीय युवती का शव, पिता ने बेटी के देवर पर लगाया आरोप

दिल्ली में कपड़े की दुकान के ट्रायल रूम में मिला 19 वर्षीय युवती का शव, पिता ने बेटी के देवर पर लगाया आरोप
दिल्ली में कपड़े की दुकान के ट्रायल रूम में मिला 19 वर्षीय युवती का शव, पिता ने बेटी के देवर पर लगाया आरोप

सीधी, 15 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक कपड़े की दुकान के ट्रायल रूम में 19 वर्षीय युवती शबनम का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना शनिवार शाम के समय हुई, जब दुकान में काम कर रही युवती अचानक गायब हो गई और बाद में उसका शव ट्रायल रूम के अंदर बंद मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकान को सील कर दिया गया है।

यह घटना 6/18, मोती नगर स्थित वस्त्र महल नाम की दुकान की है। शबनम पिछले करीब तीन महीने से इस दुकान में काम कर रही थी। रोज की तरह वह उस दिन भी दुकान पर आई थी। शाम पौने सात बजे के आसपास पड़ोस के दुकानदार आशु ने उसे दुकान में बैठे हुए देखा था।

मृतका शबनम के पिता सोने लाल घटना के समय दिल्ली में नहीं थे। वह गांव में थे। उन्हें रात करीब नौ बजे फोन पर जानकारी मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। इसके बाद वह सुबह करीब साढ़े छह बजे दिल्ली पहुंचे।

आईएएनएस से बात करते हुए सोने लाल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या सूरज नाम के व्यक्ति ने की है। उनका कहना है कि सूरज उनकी बेटी का देवर है।

सोने लाल ने बताया कि शबनम पिछले तीन महीने से इस दुकान में काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि घटना के समय वह गांव में थे, इसलिए उन्हें घटना के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। घर से फोन आने के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हुए।

पुलिस से मांग करते हुए पिता ने कहा कि इस मामले में छह लोगों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक व्यक्ति के पिता भी शामिल हैं। उन्होंने आरोपी की मां की भूमिका को सबसे मुख्य बताया।

पिता ने बातचीत के दौरान डेढ़ साल पुराने विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले परिवार में झगड़ा हुआ था। उस समय भी मारपीट की शिकायत की गई थी। बाद में, मई महीने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। सुलहनामा होने के बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत लगभग बंद हो गई थी।

सोने लाल के अनुसार, उनकी दो बेटियां उस परिवार में ब्याही गई हैं। समझौते के बाद बड़े बेटे और उसके माता-पिता ने बातचीत बंद कर दी थी। सिर्फ मंझली बेटी और मंझले दामाद से ही बात होती थी। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल पहले हुई लड़ाई की शिकायत भी की गई थी और उस मामले में तारीखें भी पड़ी थीं।

पुलिस अब इस पुराने विवाद को भी जांच में शामिल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस पुराने झगड़े का इस हत्या से कोई संबंध है, या फिर हत्या के पीछे कोई और कारण है।

वहीं, स्थानीय दुकानदार आशु ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि साढ़े सात से पौने आठ बजे के बीच दुकान की मालकिन का फोन आया। मालकिन उस समय दुकान पर नहीं थीं। उन्होंने कहा कि शबनम कहीं दिखाई नहीं दे रही है और दुकान खाली पड़ी है। ग्राहक आ रहे हैं, ऐसे में दुकान में चोरी की आशंका है, इसलिए शटर नीचे कर दीजिए। आशु ने उनकी बात मानते हुए दुकान का आधा शटर गिरा दिया और अपने काम में लग गईं।

कुछ देर बाद मालकिन ने अपने पड़ोसियों को भेजा, जिन्होंने करीब आठ से सवा आठ बजे के बीच दुकान को पूरी तरह बंद कर दिया और ताला लगाकर चले गए। इसके बाद करीब साढ़े आठ बजे कुछ लड़के आशु के पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखा है, जिसमें शबनम दुकान से बाहर जाती हुई दिखाई नहीं दे रही है। यानी वह अभी भी अंदर ही हो सकती है।

आशु ने बताया कि लड़के काफी घबराए हुए थे, इसलिए वह उनके साथ दुकान के अंदर गईं। अंदर जाकर उन्हें शुरू में कुछ भी असामान्य नहीं दिखा, लेकिन जब उनकी नजर ट्रायल रूम पर पड़ी तो दरवाजे के नीचे से खून बाहर आ रहा था। ट्रायल रूम बाहर से बंद था। इसके बाद आशु ने तुरंत पुलिस को फोन किया और शबनम के माता-पिता को भी सूचना दी गई। करीब दस मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रायल रूम की कुंडी खोली तो अंदर शबनम मृत पाई गई।

दूसरे स्थानीय दुकानदार गोल्डी विधावन ने बताया कि दुकान की मालकिन ने फोन पर बताया था कि कोई लड़का आकर उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट करके गया है और शबनम दुकान छोड़कर चली गई है। गोल्डी के अनुसार कुछ देर बाद मालकिन का फिर फोन आया कि सीसीटीवी में शबनम बाहर जाती हुई दिखाई नहीं दे रही है। इसके बाद जब दोबारा अंदर जाकर देखा गया तो ट्रायल रूम बंद था और उसमें से काफी खून बाहर निकल रहा था।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story

Tags