Samachar Nama
×

दिल्ली में अगले हफ्ते सामान्य रहेगा मौसम, पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की आशंका

दिल्ली में अगले हफ्ते सामान्य रहेगा मौसम, पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की आशंका
दिल्ली में अगले हफ्ते सामान्य रहेगा मौसम, पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की आशंका

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में अगले सप्ताह मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिक नरेश कुमार के अनुसार, आने वाले दिनों में राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश या मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसका मुख्य असर 12 और 13 नवंबर को देखने को मिल सकता है। इस दौरान कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

आईएमडी वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर के लिए अगले एक सप्ताह के दौरान किसी विशेष मौसमी बदलाव का अनुमान नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव मुख्य रूप से हिमालयी क्षेत्रों तक सीमित रहने की संभावना है। इसका असर दिल्ली में बारिश के रूप में दिखाई देने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। आने वाले एक सप्ताह में तापमान में भी किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं लगाया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बावजूद इसका प्रभाव मुख्य रूप से पहाड़ी इलाकों में रहने की संभावना है।

नरेश कुमार ने कहा कि 12 और 13 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ लगते क्षेत्रों में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, इस मौसम प्रणाली का व्यापक असर मैदानी इलाकों में रहने की संभावना नहीं जताई गई है।

देश के अन्य हिस्सों के मौसम के बारे में जानकारी देते हुए नरेश कुमार ने कहा कि इस समय तमिलनाडु और केरल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में कुछ स्थानों पर 6.5 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा होने का अनुमान है। इसके अलावा देश के बाकी हिस्सों में किसी विशेष बारिश की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि देशभर में तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है और फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

नवंबर महीने के मौसम को लेकर पूछे गए सवाल पर नरेश कुमार ने कहा कि इस महीने मौसम में बहुत अधिक बदलाव होने की संभावना नहीं है। जिस तरह अभी मौसम चल रहा है, आगे भी उसके सामान्य के आसपास बने रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर दिल्ली-एनसीआर में अगले सप्ताह मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी क्षेत्रों और पंजाब के कुछ हिस्सों में मौसम का असर दिखाई दे सकता है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story