दिल्ली के स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड, डिजिटल लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब की व्यवस्था करेंगे: सीएम रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सरकार को एक साल हो चुके हैं और हमारी सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। हमारी सरकार कोशिश कर रही है कि हर स्कूल के क्लासरूम में स्मार्ट बोर्ड, डिजिटल लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब की व्यवस्था की जाए।
सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि दिल्ली में शिक्षा जगत के अंदर एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। आज 75 सीएम श्री स्कूल शुरू किए गए हैं। इनमें डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब और 7000 स्मार्ट बोर्ड वाली कक्षाएं शामिल हैं। दिल्ली के बच्चों को आज आधुनिक तकनीकों के साथ बेहतर शिक्षा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "दिल्ली की स्कूली शिक्षा व्यवस्था एक नए युग में प्रवेश कर रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा सरोजिनी नगर में सीएम श्री स्कूल का उद्घाटन और दिल्ली के 75 स्कूलों में सीएम श्री स्कूल्स प्रोजेक्ट लॉन्च किया गया है। सीएम श्री स्कूल्स विकसित भारत 2047 की नींव रखने वाले संस्थान हैं, जहां ज्ञान भी है, कौशल भी है और मानवीय दृष्टिकोण भी है।"
उन्होंने बताया कि ये सभी आठ घटक आज एक साथ लागू किए जा रहे हैं, जिसमें एआई आधारित स्मार्ट क्लासरूम, करियर काउंसलिंग लैब, आईसीटी लैब, डिजिटल लाइब्रेरी मल्टी-सेक्टोरल कौशल लैब, भाषा लैब, समावेशी शिक्षा के लिए संसाधन कक्ष, प्रतियोगी परीक्षा तैयारी के लिए सीएम श्री डिजिटल पोर्टल।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी के विजन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के निरंतर मार्गदर्शन में दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था आधुनिक और स्मार्ट बन रही है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान ने बताया कि दिल्ली में 75 सीएम श्री स्कूलों का शुभारंभ और सरोजिनी नगर में सीएम श्री स्कूल का उद्घाटन किया। एक वर्ष के भीतर इस लक्ष्य का पूर्ण होना शिक्षा के क्षेत्र में दिल्ली सरकार की स्पष्ट दृष्टि और प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है। 'राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020' के अनुरूप यह पहल पीएम मोदी के शिक्षा सुधार को आगे बढ़ाती है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश में बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं—चाहे वह स्कूल शिक्षा हो, उच्च शिक्षा हो या रिसर्च सेंटर की स्थापना। इस दिशा में दिल्ली सरकार भी अपना दायित्व निभा रही है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

