दिलीप जायसवाल ने तेजस्वी यादव के दावों को भ्रामक बताया, पीएम मोदी के कार्यकाल को सराहा
पटना, 11 जून (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर वे उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल, बिहार की आर्थिक स्थिति, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और पश्चिम बंगाल की राजनीति सहित कई विषयों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने एक तरफ सैन्य शक्ति के माध्यम से दुनिया को भारत की ताकत से परिचित कराया, वहीं आर्थिक रूप से देश को मजबूत बनाते हुए भारत को दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का काम किया है। आज भारत की कूटनीति और दुनिया के देशों के साथ उसके संबंध एक नई ऊंचाई पर हैं। यही कारण है कि भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मेरी शुभकामना है कि मोदी जी स्वस्थ रहें और देश का नेतृत्व करते रहें।
ओमान तट के पास एक ऑयल टैंकर पर अमेरिकी हमले के बाद तीन भारतीयों के लापता होने के मामले पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान को आपसी संघर्ष से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं सबसे पहले अमेरिका और ईरान से अनुरोध करूंगा कि आपसी लड़ाई के कारण पूरी दुनिया को वैश्विक संकट में डालने का काम नहीं होना चाहिए। विश्व को शांति की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि इस तरह के संघर्ष दुनिया को तबाही की ओर ले जा रहे हैं।
श्रीनगर में पाकिस्तान के खिलाफ हुए प्रदर्शन और संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के बाहर पीओके के मुद्दे को लेकर उठी आवाज पर मंत्री ने कहा कि यह पाकिस्तान और पीओके के लोगों का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि यदि पीओके के लोगों को ऐसा महसूस हो रहा है तो वे अपनी आवाज उठा रहे हैं और दोनों पक्षों को इस समस्या का समाधान तलाशना चाहिए।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि बंगाल में टीएमसी का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में गुंडागर्दी, गलत राजनीतिक संस्कृति और घुसपैठ के समर्थन की वजह से जनता ने टीएमसी को नकारना शुरू कर दिया है। ऐसी स्थिति में कांग्रेस में विलय के अलावा पार्टी के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्षों तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा उन्हें बधाई दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ट्रंप पहले भी कई बार प्रधानमंत्री मोदी के पक्ष में बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और उनके कार्यों का लोहा मानती है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें सम्मान मिलता रहा है।
बिहार के वित्तीय संकट को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि उन्हें सरकार के साथ बैठकर राज्य की आर्थिक स्थिति को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार विकसित बिहार के सपने को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में बिना तथ्यों के आरोप लगाने के बजाय सकारात्मक सुझाव देना चाहिए।
--आईएएनएस
पीएसके

