दिलीप घोष का अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला, बोले- सत्ता बदल गई, अब धमकी से काम नहीं चलेगा
खड़गपुर, 14 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने खड़गपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कई अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी। अभिषेक बनर्जी को पुलिस समन मिलने के मुद्दे पर दिलीप घोष ने कहा कि अभिषेक बनर्जी अब भी उसी दुनिया में जी रहे हैं, जहां उन्हें लगता है कि उनकी पार्टी अभी भी सत्ता में है। उन्होंने कहा कि जैसे उनकी बुआ कह रही हैं कि हम हारे नहीं हैं, वैसे ही अभिषेक बनर्जी भी खुद को हारा हुआ नहीं मान रहे हैं।
दिलीप घोष ने कहा कि सत्ता बदल चुकी है, इसलिए व्यवहार में भी बदलाव आना चाहिए। पुलिस को धमकी देकर वह अपनी परेशानी को और बढ़ा रहे हैं। इस तरह धमकी देकर काम नहीं चल सकता। कानून से ऊपर कोई नहीं है और सभी को कानून का सम्मान करना चाहिए।
अभिषेक बनर्जी के 'बीजेपी समर्थक जज' वाले बयान पर दिलीप घोष ने कहा कि अभिषेक बनर्जी भी अब राहुल गांधी की तरह बात करने लगे हैं। न्यायाधीशों के बारे में इस तरह की बात करना देश की परंपरा के खिलाफ है और शोभा नहीं देता। आरोप लगाने के लिए सही जगह अदालत है। अगर किसी के पास सबूत है तो उसे अदालत में पेश करना चाहिए। इतने सालों से सांसद और इतनी बड़ी पार्टी के नेता होने के नाते उन्हें मर्यादा के साथ बात करनी चाहिए। न्यायपालिका का सम्मान करना हर नेता की जिम्मेदारी है।
राहुल गांधी के फोन-टैपिंग वाले आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि राहुल गांधी को रात में सपना आता है और सुबह वह कोई न कोई बयान दे देते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं और लोग इस तरह के नाटक देख चुके हैं।
उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई शिकायत है तो उसे कोर्ट या पुलिस के पास जाना चाहिए और प्रमाण के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। केवल मीडिया में बयानबाजी करने से कुछ हासिल नहीं होगा। आरोप लगाने के साथ-साथ सबूत देना भी जरूरी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आईआईटी खड़गपुर दौरे को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि उन्हें भी इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रण मिला है। उन्होंने बताया कि खड़गपुर आईआईटी में बना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बेहद आधुनिक और सुंदर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ मिलकर तैयारी की जा रही है ताकि लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके और उच्च शिक्षा भी शुरू हो सके।
उन्होंने बताया कि इस मेडिकल कॉलेज के लिए पहले राज्य सरकार से एनओसी नहीं मिला था, जिसे उन्होंने बातचीत के जरिए दिलवाया था। अब राज्य सरकार से और सुविधाएं लेकर इसे पूरी तरह से संचालित करने की तैयारी हो रही है। एमडी कोर्स भी शुरू हो गया है, जो राज्य के लिए बहुत अच्छी खबर है, क्योंकि अच्छे और बड़े डॉक्टरों की काफी जरूरत है।
पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उज्ज्वल विश्वास की मौत को दिलीप घोष ने बेहद दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच होनी चाहिए, क्योंकि जो शिकायत सामने आई है, उससे कई तरह की शंकाएं पैदा हो रही हैं। सरकार को इस मामले पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
पश्चिम बंगाल में इंडिया गठबंधन की संभावना पर दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल में इंडिया गठबंधन कहां है। ममता बनर्जी कहती हैं कि उन्होंने इंडिया गठबंधन बनाया है, लेकिन बंगाल में इसका कोई अस्तित्व नहीं है। दिल्ली जाकर नेतागिरी की जा रही है। हार के बाद अब उन्हें कोई पूछ भी नहीं रहा है। चुनाव नजदीक आ रहा है, इसलिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। जब पार्टी ही नहीं है तो गठबंधन कहां से आएगा।
नाथूराम गोडसे के पोस्टर लगाए जाने के मुद्दे पर दिलीप घोष ने कहा कि देश में कोई भी किसी का पोस्टर लगा सकता है। अलग-अलग लोगों के अलग-अलग समर्थक होते हैं। लेकिन समाज किसे मानेगा, यह महत्वपूर्ण है। किसी ने पोस्टर लगा दिया तो यह कोई बड़ी बात नहीं है।
छठ पूजा की सुरक्षा व्यवस्था पर दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल में इस बार पूजा का मौसम पूरी तरह ठीक रहा। गणपति पूजा से लेकर विश्वकर्मा पूजा तक सभी त्योहार धूमधाम से मनाए गए। दुर्गा पूजा के दौरान सरकार की ओर से ईडन गार्डन में आयोजित बोधन कार्यक्रम ऐतिहासिक रहा। इसके बाद लक्ष्मी पूजा, काली पूजा, दीपावली, भैया दूज और अब जगद्धात्री पूजा और छठ पूजा लगातार चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरी चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था की है। हर कैबिनेट मंत्री को एक-एक जिले की व्यवस्था देखने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें भी यह जिम्मेदारी मिली है।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस

