दिग्विजय सिंह ने वी.डी. सतीशन को सीएम चेहरा बनाए जाने के बाद दी बधाई, उन्हें बताया कमजोर वर्गों का नेता
तिरुवनंतपुरम, 14 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने केरल में अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी है। वी.डी. सतीशन राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उनके मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, वे (वी.डी. सतीशन) जमीनी स्तर के नेता हैं, जिन्हें कमजोर वर्गों और अल्पसंख्यकों का समर्थन प्राप्त है। सांसद ने सीएम के रूप में सही चुनाव करने के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का धन्यवाद किया।
एआईसीसी महासचिव और केरल प्रभारी दीपा दासमुंशी ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक 7 मई को तिरुवनंतपुरम में हुई थी, जिसमें सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि केरल राज्य में सीएलपी के नए नेता की नियुक्ति का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष को दिया जाए।
दीपा दासमुंशी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष, एआईसीसी पर्यवेक्षकों (जिन्होंने 7 मई को नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात की थी) के साथ विस्तृत चर्चा की है। इसके अलावा राज्य के कई अन्य नेताओं (जिनमें सांसद और पूर्व पीसीसी अध्यक्ष शामिल हैं) से भी परामर्श किया गया। इन सभी चर्चाओं के आधार पर यह निर्णय लिया गया है कि वी.डी. सतीशन को सीएलपी का नेता नियुक्त किया जाए।
केरल के अगले मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद वी.डी. सतीशन की पहली प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने आभार, विनम्रता और राजनीतिक संदेश के बीच एक सावधानी भरा संतुलन बताया। उन्होंने घोषणा की कि यूडीएफ की यह जबरदस्त जीत किसी एक नेता की नहीं, बल्कि टीम यूडीएफ और पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं की जीत है।
वी.डी. सतीशन के नाम के ऐलान के बाद केसी वेणुगोपाल की प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने वी.डी. सतीशन को बधाई देते हुए कहा कि सतीशन को मुख्यमंत्री बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मैं शुरू से ही कहता आ रहा हूं कि हाईकमान का फैसला अंतिम होगा। उन्होंने कहा कि यह मेरी जिम्मेदारी है कि हाईकमान के फैसले का सम्मान हो और उसे लागू किया जाए।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी

