'धुरंधर 2' नफरत फैलाने का प्रायोजित एजेंडा: इमरान मसूद
सहारनपुर, 20 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। फैंस की ओर से फिल्म को सराहा जा रहा है, लेकिन कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने फिल्म को बकवास करार दिया है। उन्होंने दावा किया है कि यह फिल्म नफरत फैलाने का प्रायोजित एजेंडा है।
फिल्म 'धुरंधर 2' में माफिया अतीक अहमद के आईएसआई से सीधे कनेक्शन को दिखाए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इसे बकवास करार दिया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने पूरे देश की कमर तोड़ कर रख दी। फिल्म में उसका महिमामंडन किया है।
आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद ने कहा कि देश में 25 करोड़ मुसलमान हैं। आप उन्हें बाहर नहीं निकाल सकते। उन्हें यहीं रहना है, लेकिन नफरत फैलाकर आप देश की तरक्की में रुकावट डालेंगे और इस नफरत से कुछ भी हासिल नहीं होगा। भारत के रहने वाले 25 करोड़ मुसलमान भारत छोड़कर कहां जाएंगे। यह फिल्म सरकार द्वारा प्रायोजित एजेंडा है।
एबीवीपी द्वारा जम्मू विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान पाठ्यक्रम से मुहम्मद अली जिन्ना का नाम हटाने की मांग पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि देश में जिन्ना के बारे में विस्तार से पढ़ाया जाना चाहिए, ताकि देश यह समझ सके कि देश के विभाजन के लिए वही जिम्मेदार थे। उन सभी लोगों के बारे में भी पढ़ाया जाना चाहिए, जिन्होंने जिन्ना के साथ मिलकर विभाजन को अंजाम दिया और उनके सहयोग से सरकारें बनाईं। मुस्लिम लीग के साथ मिलकर सरकार चलाने वाले कौन लोग थे। जिन्ना के साथ मिलकर देश का बंटवारा किसने कराया, सभी को पढ़ाया जाना चाहिए।
एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे के भारतीय क्रिकेट टीम में मराठी खिलाड़ियों को लेकर दिए बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि नफरत फैलाना बंद कीजिए और फिर सब कुछ साफ नजर आने लगेगा।
मिडिल ईस्ट युद्ध को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि इजरायल लंबे समय से ईरान को तबाह करने का सपना देख रहा था, लेकिन ईरान ने इजरायल को खंडहर बना दिया है। वही इजरायल, जिसकी दादागिरी पूरी दुनिया पर चलती थी, आज घुटनों पर आ गया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

