Samachar Nama
×

धूत ट्रांसमिशन आईपीओ: टॉप पांच ग्राहकों से 71 प्रतिशत आय, साइबर अटैक, रिलेटेड पार्टी लेनदेन समेत कई बड़े रिस्क

धूत ट्रांसमिशन आईपीओ: टॉप पांच ग्राहकों से 71 प्रतिशत आय, साइबर अटैक, रिलेटेड पार्टी लेनदेन समेत कई बड़े रिस्क
धूत ट्रांसमिशन आईपीओ: टॉप पांच ग्राहकों से 71 प्रतिशत आय, साइबर अटैक, रिलेटेड पार्टी लेनदेन समेत कई बड़े रिस्क

मुंबई, 10 अगस्त (आईएएनएस)। धूत ट्रांसमिशन लिमिटेड का आईपीओ सोमवार से निवेशकों के लिए खुल चुका है। ऐसे में आईपीओ में आवेदन करने से पहले निवेशकों को इससे जुड़े रिस्क को अच्छे से समझ लेना चाहिए, जिसमें शीर्ष पांच ग्राहकों से 71 प्रतिशत आय, साइबर अटैक और रिलेडेट पार्टी लेनदेन जैसे बड़े रिस्क शामिल हैं।

कंपनी की आरएचपी (रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) में दी गई जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 26 में कंपनी की कुल परिचालन आय का 71.56 प्रतिशत हिस्सा शीर्ष पांच ग्राहकों से आया था। यह आंकड़ा वित्त वर्ष 25 में 71.18 प्रतिशत और वित्त वर्ष 24 में 66.17 प्रतिशत था। यह दिखाता है कि कंपनी की आय का मुख्य स्रोत केवल कुछ कंपनियां हैं।

बड़ी बात यह है कि धूत ट्रांसमिशन के पास इन कंपनियों को लंबे समय की आपूर्ति के कॉन्ट्रैक्ट नहीं है और कंपनी ओईएम की जरूरत के मुताबिक आपूर्ति करती है।

कंपनी ने आरएचपी में कहा है कि ग्राहकों के पास इन कॉन्ट्रैक्ट्स को रद्द करने का अधिकार है। ऐसी किसी भी स्थिति में कंपनी के बिजनेस पर असर हो सकता है।

धूत ट्रांसमिशन ने आरएचपी में कहा कि वित्त वर्ष 25 में उस पर साइबर अटैक हो चुका है। इसमें काफी डेटा लीक हुआ था, जिसमें प्रोडक्ट डिजाइन और उसकी कीमतों से जुड़ी गोपनीय जानकारी थी। हालांकि, इस घटना ने मैनेजमेंट को सतर्क किया और इस दिशा में अतिरिक्त निवेश किया है, लेकिन हम यह भरोसा नहीं दिला सकते कि यह सिस्टम भविष्य में होने वाली घटना को पूरी तरह से रोक पाएंगे।

कंपनी ने अपनी आरएचपी में रिलेटेड पार्टी लेनदेन को बड़ा रिस्क बताया है। इन लेनदेन में उत्पादों की बिक्री, किराया, कमीशन, स्थायी संपत्ति की खरीद और खर्चों की वसूली जैसी चीजें शामिल हैं।

कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2024 के दौरान, हमारे शेयरधारकों ने हमारी सब्सिडियरी कंपनी, धूत ऑटो-कंपोनेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को लगभग 57.42 करोड़ की चल संपत्ति और लगभग 23.75 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति (जमीन और इमारतें) बेचने के लिए 'रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन' को मंजूरी दी। इसके अलावा, हमारे बोर्ड ने समय-समय पर ग्रुप के भीतर सप्लाई और लॉजिस्टिक्स को सपोर्ट करने के लिए मुख्य सहयोगी कंपनियों के साथ सालाना लेनदेन की ज्यादा लिमिट को मंजूरी दी है।

कंपनी ने कहा कि हम शेयरधारकों को भरोसा नहीं दिला सकते कि इनकी शर्तें हमेशा कंपनी के पक्ष में होंगी।

धूत ट्रांसमिशन का आईपीओ 10-12 अगस्त के बीच रिटेल निवेशकों के लिए खुला हुआ है। इसका प्राइस बैंड 829-871 रुपए प्रति शेयर निर्धारित किया गया है। इसका लॉट साइज 17 शेयरों का है और इसकी लिस्टिंग बीएसई और एनएसई पर 17 अगस्त को हो सकती है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags