धीरेंद्र शास्त्री खुद को भगवान समझने लगे हैं: हर्षवर्धन सपकाल
मुंबई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर कहा कि धीरेंद्र शास्त्री खुद को भगवान समझने लगे हैं।
हर्षवर्धन सपकाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह मानसिक विकृति का संकेत है। धीरेंद्र शास्त्री महाराष्ट्र में शिवाजी महाराज के बारे में तरह-तरह के बयान दे रहे हैं, और सरासर झूठ फैला रहे हैं। इसके बाद भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर कोई कुछ कहने के लिए तैयार नहीं है।
हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि भाजपा नेताओं को अपने सभी बच्चों को आरएसएस को सौंप देना चाहिए। हमें इस पर कोई आपत्ति नहीं है। भाजपा सदस्यों को अब अपने उन बच्चों को भी संघ में शामिल होने के लिए भेजना चाहिए, जो विदेश में पढ़ाई कर रहे हैं। हालांकि, ऐसा करने से पहले उन्हें कम से कम अपना रजिस्ट्रेशन करवा लेना चाहिए कि उन्हें तिरंगे झंडे से नफरत है।
उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज बहुजन नायक हैं। शिवाजी महाराज ने महिला-पुरुष के समानता की बात कही थी। उन्होंने सबको साथ लेकर चलने की बात कही थी। जो सबको साथ लेकर चलने की बात करता है, जो सबके हित की बात करता है, उस हर विचार को संघ और भाजपा मिटाना चाहती है।
आम आदमी पार्टी के सांसदों के भाजपा में शामिल होने को लेकर हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि भाजपा में दम नहीं है, अपने नेताओं पर भरोसा नहीं है। उनके पास कोई करिश्मा नहीं है, इसलिए वे अन्य दलों के लोगों को भाजपा में शामिल करने का एजेंडा भी चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी तोड़ने की उनकी एक फितरत है।
बता दें कि धीरेंद्र शास्त्री ने शनिवार को महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि चार बच्चे पैदा करो, एक आरएसएस को दे दो। उन्होंने कहा कि हिंदू परिवारों को कम से कम चार बच्चे पैदा करने चाहिए। उनमें से एक बच्चे को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को समर्पित कर देना चाहिए (सेवा के लिए)।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी

