धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में उतरे जगद्गुरु नारायणाचार्य, रामदेव की टिप्पणी पर जताई नाराजगी
प्रयागराज, 23 नवंबर (आईएएनएस)। आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ स्वामी रामदेव की टिप्पणी को लेकर जगद्गुरु नारायणाचार्य शांडिल्य जी महाराज ने नाराजगी जताई है। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने त्याग, तपस्या और कड़ी मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाई है। यदि किसी को उनकी सफलता से जलन हो रही है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। जगद्गुरु ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जहां हैं, सही हैं और हिंदुत्व के लिए उनके प्रयासों में संत समाज उनके साथ है।
जगद्गुरु नारायणाचार्य शांडिल्य जी महाराज ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने त्याग और तपस्या के साथ मेहनत करके यह मुकाम हासिल किया है। यदि किसी को उनकी लोकप्रियता और सफलता से परेशानी है तो उसे खुद भी मेहनत करके लोगों का समर्थन हासिल करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आप भी इतनी भीड़ इकट्ठा करके दिखाइए।
धीरेंद्र शास्त्री के गुरु को लेकर उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि उनके गुरु रामभद्राचार्य जी हैं। उन्होंने कहा कि गुरु ने उनमें कुछ विशेष गुण देखे होंगे, तभी उन्हें महंत बनाया गया। जगद्गुरु ने यह भी कहा कि स्वामी रामदेव दो दिन पहले उनसे मिलकर गए थे और अब इस तरह की बातें करना उचित नहीं है। यह विवाद केवल इस बात पर केंद्रित हो गया है कि कौन बड़ा है और कौन छोटा।
जगद्गुरु ने स्वामी रामदेव पर टिप्पणी करते हुए उनके गुरु से जुड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिनके अपने गुरु के बारे में आज तक स्थिति स्पष्ट नहीं है, उन्हें दूसरों पर आरोप लगाने से पहले विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद की वजह से ही रामदेव को पहचान मिली है। साथ ही उन्होंने रामदेव की ओर से बेची जा रही दवाइयों और सुप्रीम कोर्ट की फटकार का भी उल्लेख करते हुए सवाल उठाए।
जगद्गुरु नारायणाचार्य ने कहा कि सनातन को कौन जोड़ रहा है और कौन तोड़ रहा है, यह सभी जानते हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को ज्ञान देने या सीख देने की आवश्यकता नहीं है। धीरेंद्र शास्त्री हिंदुत्व के लिए जिस तरह संघर्ष कर रहे हैं, वैसा प्रयास अब तक किसी संत ने नहीं किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संत समाज का समर्थन धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ है और आगे भी बना रहेगा।
--आईएएनएस
पीएसके

