Samachar Nama
×

विपक्ष ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र आंदोलन की जीत बताकर मनाया जश्न

विपक्ष ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र आंदोलन की जीत बताकर मनाया जश्न
विपक्ष ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र आंदोलन की जीत बताकर मनाया जश्न

लखनऊ, 25 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तर प्रदेश में राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी (सपा), आजाद समाज पार्टी और अन्य विपक्षी नेताओं ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा, जबकि कुछ नेताओं ने इसे छात्रों के आंदोलन की सफलता बताया। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान को लेकर भी विपक्ष ने सवाल उठाए हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने सीएम योगी के बयान 'नकल माफिया को मिट्टी में मिला देंगे' पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री का सम्मान करते हैं, इसलिए ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कई बार मंचों से यह कहते हैं कि वह किसी को 'धूल में मिला देंगे' या 'खत्म कर देंगे'। उन्होंने उठाया कि क्या संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित है।

समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर खुशी जताते हुए कहा, "पार्टी में उत्साह का माहौल है। समाजवादी पार्टी शुरुआत से ही युवाओं और छात्रों के आंदोलन का समर्थन करती रही है। पिछले करीब 35 दिनों से चल रहे छात्र-युवा आंदोलन के कारण शिक्षा मंत्री को पद छोड़ना पड़ा और इसे छात्र आंदोलन तथा जन आंदोलन की जीत बताया।"

आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर ने भी सरकार के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की।

राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "यह इस्तीफा केवल एक औपचारिकता है।"

भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने देश की युवा पीढ़ी, खासकर जेन जी को बधाई देते हुए कहा कि इस घटनाक्रम से साबित होता है कि सरकार से सवाल किए जा सकते हैं। कोई भी सरकार अजेय नहीं होती और जनता के सवालों का जवाब देना जरूरी है।

नेहा सिंह राठौर ने कहा कि देश के नागरिक अब जागरूक हो रहे हैं और अपनी बात रखने लगे हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि यदि किसी मुद्दे को लेकर लोगों के मन में सवाल या शंका है तो सामने आकर उसका समाधान किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नेहा सिंह राठौर ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "यदि मंच से अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जाती है तो उसे जमीन पर भी लागू किया जाना चाहिए।" उन्होंने राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे की चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि ऐसे मामलों में कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story