धारदार हथियार से पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर फंदे पर झूला युवक, सीतापुर में फैली सनसनी
सीतापुर, 21 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से हत्या की घटना से सनसनी फैल गई। जानकारी सामने आई है कि एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी की हत्या की और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सीतापुर के एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सीतापुर जिले के थानगांव थाना क्षेत्र के इसरौली गांव की है। बेटे और बहू की मौत होने के बाद परिवार में मातम है। हालांकि, हत्या और फिर खुदकुशी की घटना से स्थानीय लोगों में भी डर बना हुआ है। मृतक की पहचान पति दीपक और पत्नी छाया के रूप में की गई है।
एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि थानगांव थाना पुलिस को इसरौली गांव में हत्या की सूचना मिली थी। इस पर तत्काल कार्रवाई की गई। सीनियर अधिकारियों ने भी सूचना के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल पर देखा गया कि पत्नी छाया का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। उसके शरीर पर धारदार हथियार के निशान थे। दीपक का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था।
तमाम तथ्यों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर यह पता चला कि दीपक और पत्नी छाया के बीच कहासुनी हुई थी। दीपक अपनी पत्नी को धारदार हथियार (बांके) से मार रहा था। परिजनों ने शोर मचाया और मदद के लिए अन्य सदस्यों को बुलाया। जब तक परिजन बचाते तब तक छाया की मौत हो चुकी थी और हत्या के बाद कमरे में जाकर दीपक ने भी फांसी लगा ली थी।
एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचने के बाद दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले में जांच जारी है। जो तथ्य निकलकर आएंगे सामने, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
--आईएएनएस
डीसीएच/

