Samachar Nama
×

धनबाद: एसबीआई एटीएम में कैश स्लॉट पर मिली संदिग्ध प्लेट, एसएसपी ने बैंकों को किया अलर्ट

धनबाद: एसबीआई एटीएम में कैश स्लॉट पर मिली संदिग्ध प्लेट, एसएसपी ने बैंकों को किया अलर्ट
धनबाद: एसबीआई एटीएम में कैश स्लॉट पर मिली संदिग्ध प्लेट, एसएसपी ने बैंकों को किया अलर्ट

रांची, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद में एटीएम के जरिए ठगी का एक नया मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने लोगों की मेहनत की कमाई उड़ाने का नया तरीका अपना लिया है। अब ठगों की नजर एटीएम पर है।

दरअसल, मटकुरिया स्थित एसबीआई के एटीएम से एक मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने कैश डिस्पेंसर स्लॉट से एक संदिग्ध प्लेट बरामद की है। आशंका है कि इस प्लेट के जरिए एटीएम से पैसे निकालने आने वाले ग्राहकों को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही थी।

शनिवार की सुबह एक ग्राहक के खाते से एक हजार रुपए कट गए, लेकिन नकदी बाहर नहीं निकली। वहीं, इसी एटीएम से पहले भी तीन हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आ चुका है। एटीएम में सुरक्षा गार्ड की कमी और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी बैंकों को पत्र लिखकर एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।

घटना लेकर पीड़ित अमरेश कुमार दास ने बताया कि धनबाद में कई एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कहीं सुरक्षा गार्ड नहीं हैं, तो कहीं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी पर सवाल हैं। ऐसे में आम लोगों की मेहनत की कमाई की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। मामले को गंभीरता से लेते हुए धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिले के सभी बैंकों को पत्र लिखा है। उन्होंने एटीएम में सीसीटीवी कैमरों की नियमित मरम्मत, समय-समय पर एटीएम की जांच और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि एटीएम से छेड़छाड़ और ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

मामले को लेकर प्रभात कुमार, एसएसपी धनबाद ने कहा कि हम लोगों को सूचना मिली है कि एटीएम में छेड़छाड़ करके लोगों से ठगी का प्रयास किया जा रहा है। उसके आलोक में थाना प्रभारी को और सभी पोलिंग पार्टी को निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही हमने बैंक को भी चिट्ठी लिखी है, जिसमें बैंक को हमने बताया है कि आपके द्वारा जहां भी एटीएम संचालित है, उसको नियमित अंतराल पर चेक करते रहिए और साथ ही जहां सीसीटीवी लगा है, जो चल नहीं रहा है। उसको भी दुरुस्त कराएं।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags