Samachar Nama
×

धनबाद में अवैध कोयला कारोबार पर वर्चस्व को लेकर गैंगवार, फायरिंग में 3 गंभीर रूप से घायल

धनबाद, 28 मई (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद कोयलांचल में अवैध कोयला कारोबार पर वर्चस्व स्थापित करने को लेकर एक बार फिर हिंसक टकराव की घटना हुई है। जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान में बुधवार देर रात दो गुटों के बीच हुई अंधाधुंध गोलीबारी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल है।

स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना बुधवार देर रात करीब एक बजे की है। छाताबाद मैदान की तरफ से एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए कुछ अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने कैलूडीह मस्जिद भवन के समीप पहुंचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले के जवाब में दूसरे गुट के लोगों ने भी मोर्चा संभाल लिया और जवाबी गोलीबारी की।

दोनों ओर से करीब 50 राउंड गोलियां चलीं, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। इस हिंसक झड़प और गोलीबारी की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की पहचान मोहम्मद तौसिफ और नीतीश कुमार यादव के रूप में की गई है, जबकि एक अन्य घायल की शिनाख्त की जा रही है। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए धनबाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और अंचल इंस्पेक्टर मोहम्मद रुस्तम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के कई अन्य थानों की पुलिस को भी तुरंत घटना स्थल पर तैनात किया गया।

इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए कैलूडीह और छाताबाद क्षेत्र में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है और भारी संख्या में सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। पुलिस की फॉरेंसिक और खोजी टीमें घटना स्थल से खोखे तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध कोयला कारोबार से जुड़े अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके

Share this story

Tags