Samachar Nama
×

झारखंड : धनबाद के टुंडी के जंगल में पेड़ से लटका मिला युवती का शव, शिनाख्त नहीं

झारखंड : धनबाद के टुंडी के जंगल में पेड़ से लटका मिला युवती का शव, शिनाख्त नहीं
झारखंड : धनबाद के टुंडी के जंगल में पेड़ से लटका मिला युवती का शव, शिनाख्त नहीं

धनबाद, 10 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक जंगल में पलाश के पेड़ से लटका एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव बड़बाद गांव के पास स्थित बीरबांध जंगल में मिला।

शव की स्थिति देखकर पुलिस ने आशंका जताई है कि युवती की मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, जंगल से तेज दुर्गंध आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पूर्वी टुंडी थाना पुलिस को दी। घटना की खबर फैलने के बाद आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाया और अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और युवती की पहचान करने की कोशिश में जुटी है। धनबाद पुलिस ने राज्य के विभिन्न थानों की पुलिस को भी इस बाबत जानकारी दी है। स्थानीय ग्रामीण बिंदेश्वर सोरेन ने बताया कि शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती कौन थी और किन परिस्थितियों में जंगल पहुंची।

पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हत्या और आत्महत्या समेत विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस

Share this story

Tags