धनबाद के जंगल में पेड़ से लटका मिला एक महीने से लापता युवक का कंकाल
धनबाद, 18 नवंबर (आईएएनएस)। धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के गोलमारा जंगल में बुधवार को एक पेड़ से लटका युवक का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़-गल चुका था। उसका कमर के नीचे का हिस्सा भी गायब था। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों, चप्पल, सिर के बाल और हाथ में पहने कड़े के आधार पर उसकी पहचान गोलमारा निवासी अनूप कुमार सिंह के रूप में की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनूप कुमार सिंह एक मोबाइल सिम कंपनी में काम करते थे और पिछले करीब एक महीने से यानी 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थे। उनके अचानक गायब होने के बाद से परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे थे और इस संबंध में स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
बुधवार को जंगल की तरफ गए कुछ ग्रामीणों ने पेड़ पर शव लटका देखा, तो इसकी खबर पूरे इलाके में फैली। बताया जा रहा है कि अनूप पर कुछ कर्ज भी था, हालांकि इस बात का उनकी मौत से कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस आत्महत्या, हत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
जंगल में शव मिलने की सूचना पाकर बलियापुर थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शव की अत्यंत क्षत-विक्षत स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि मौत काफी पहले हुई होगी। वहीं, कमर के नीचे का हिस्सा गायब मिलने के संबंध में अंदेशा जताया जा रहा है कि जंगली जानवरों ने शव को नुकसान पहुंचाया होगा।
पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पुख्ता खुलासा हो सके। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

