देवास में रिहायशी मकान से 8 लाख रुपए से अधिक के पटाखे जब्त, मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज
देवास, 5 नवंबर (आईएएनएस)। दीपावली के त्योहार से पहले पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार रात नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने चंद्रतारा कॉलोनी में एक मकान पर छापेमारी कर लाखों रुपए के पटाखे जब्त किए। पुलिस ने मौके से करीब 8 लाख रुपए से अधिक कीमत के पटाखों का भारी स्टॉक बरामद किया है। इनमें लगभग 70 अलग-अलग प्रकार की वैरायटी के पटाखे शामिल हैं। पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चंद्रतारा कॉलोनी के एक रिहायशी मकान में बिना अनुमति के बड़ी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है। यहां से पटाखों की बिक्री भी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नाहर दरवाजा थाना पुलिस की टीम ने बुधवार रात संबंधित मकान पर दबिश दी।
पुलिस की यह कार्रवाई रात को हुई। तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे में पटाखों का भारी स्टॉक छिपाकर रखा हुआ मिला। पुलिस ने जब पटाखों की जांच और गिनती की तो वहां करीब 70 अलग-अलग वैरायटी के पटाखे बरामद हुए। जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित कीमत 8 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई चंद्रतारा कॉलोनी निवासी रजत अग्रवाल के निजी मकान पर की गई। आरोप है कि रजत अग्रवाल अपने मकान में बिना वैध अनुमति के पटाखों का भंडारण कर रहा था और वहां से उनकी बिक्री भी की जा रही थी। रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का स्टॉक मिलने से आसपास के क्षेत्र में भी हलचल मच गई।
नाहर दरवाजा थाना प्रभारी आलोक सोनी ने बताया कि पुलिस को मकान में अवैध रूप से पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और पूरा स्टॉक अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी रजत अग्रवाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। त्योहार के दौरान आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने लोगों से भी अवैध रूप से पटाखों का कारोबार करने वालों की सूचना देने की अपील की है।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

