Samachar Nama
×

ट्राई सीरीज : डेवाल्ड ब्रेविस की तूफानी पारी, साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया

ट्राई सीरीज : डेवाल्ड ब्रेविस की तूफानी पारी, साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया
ट्राई सीरीज : डेवाल्ड ब्रेविस की तूफानी पारी, साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया

नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने टी20 ट्राई सीरीज के दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया। जिम्बाब्वे से मिले 145 रनों के लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने सिर्फ 3 विकेट खोकर 13.4 ओवर में हासिल कर लिया। डेवाल्ड ब्रेविस ने 75 रनों की नाबाद पारी खेली।

145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। जॉर्डन हरमन 13 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, लुआन ड्रे प्रिटोरियस 22 रन बनाकर ब्रैड इवांस का शिकार बने। टोनी डी जोर्जी 15 रन ही बना सके। हालांकि, डेवाल्ड ब्रेविस ने एक छोर से अपनी तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी और ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 24 गेंदों में छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया।

ब्रेविस के आगे जिम्बाब्वे का गेंदबाजी अटैक पूरी तरह से बेबस दिखाई दिया और उन्होंने आतिशी पारी खेलते हुए मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। ब्रेविस ने 32 गेंदों का सामना करते हुए 75 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान उन्होंने 7 चौके और 6 छक्के लगाए। वहीं, रुबिन हरमन 11 रन बनाकर नाबाद रहे।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी रही। ब्रायन बेनेट और बेन करन ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। करन 12 गेंदों में 4 चौके और एक छक्का लगाने के बाद 24 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बेनेट 35 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 4 चौके और एक छक्का लगाया। डायोन मायर्स 17 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान सिकंदर रजा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 10 रन बनाकर ईथन बॉश का शिकार बने। रयान बर्ल भी 4 रन ही बना पाए।

वेस्ली मधेवेरे 14 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 12 रन ही बना सके, तो ब्रैड इवांस 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तदिवानाशे मारुमानी ने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंदों में 30 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 1 चौका और 3 छक्के लगाए। मारुमानी की महत्वपूर्ण पारी के बूते जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 144 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही। साउथ अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में डुआन जानसेन ने सर्वाधिक हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि प्रेनेलन सुब्रायन ने 27 रन देकर 2 विकेट निकाले। ईथन बॉश और कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन ने एक-एक विकेट झटका।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story