Samachar Nama
×

देवउठनी एकादशी: दशाश्वमेध घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा स्नान के लिए दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु

देवउठनी एकादशी: दशाश्वमेध घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा स्नान के लिए दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु
देवउठनी एकादशी: दशाश्वमेध घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा स्नान के लिए दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु

वाराणसी, 20 नवंबर (आईएएनएस)। धर्म नगरी काशी में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर दशाश्वमेध घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर होते ही गंगा के तट पर हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयघोष गूंजने लगे। दूर-दराज के गांवों और शहरों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और तुलसी माता की पूजा-अर्चना की।

इस बार एकादशी दो दिन पड़ रही है, आज और कल भी। इस कारण घाट पर दो दिनों तक श्रद्धालुओं का तांता लगाने की संभावना है। प्रशासन ने भी सुरक्षा और सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। घाट पर बैरिकेडिंग की गई है, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को गहरे पानी में न जाने और अपने सामान की स्वयं सुरक्षा करने की अपील की जा रही है। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था की गई है।

काशी के प्रसिद्ध पंडित लव कुश कुमार दुबे ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि हिंदू धर्म में कार्तिक मास का विशेष महत्व है। पूरा महीना भगवान विष्णु की उपासना, गंगा स्नान, दान-पुण्य और तुलसी पूजा के लिए समर्पित होता है। कार्तिक मास के प्रारंभ से ही लोग सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करते हैं और तुलसी की पूजा करते हैं।

उन्होंने बताया कि इस महीने में पड़ने वाली देवउठनी एकादशी सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसी दिन भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा से जागते हैं। जो मनुष्य इस दिन व्रत करता है, उसे उसका पुण्य फल अवश्य मिलता है। इस दिन व्रत, पूजा, दान और धर्म का विशेष नियम है।

पंडित लव कुश ने बताया कि देवउठनी एकादशी के बाद द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह मनाया जाता है। इस दिन तुलसी माता का विवाह भगवान शालिग्राम यानी भगवान विष्णु के साथ होता है।

उन्होंने बताया कि एकादशी और तुलसी विवाह के दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व है। मानव शरीर पंच तत्वों से बना है और काशी मोक्ष की नगरी है। यहां स्नान और पूजा करने से मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति होती है। जो व्यक्ति पूर्व जन्म में अच्छे कर्म करता है और इस जन्म में भी अच्छे कर्म करता है, उसे ही अच्छे फल की प्राप्ति होती है। वहीं पाप और अत्याचार करने वाले लोगों को कष्ट भोगना पड़ता है।

दशाश्वमेध घाट पर स्नान करने पहुंचे शिवानंद साहनी ने बताया कि श्रद्धालु बहुत दूर-दूर से गंगा स्नान करने के लिए आते हैं। पहले जब वे अपने मामा और नानी के यहां रहते थे, तब वहां नदी में स्नान करके पूजा करते थे। अब लोग विशेष रूप से काशी आकर गंगा स्नान करके ही तुलसी विवाह की पूजा करना पसंद करते हैं।

--आईएएनएस

पीआईएम/डीकेपी

Share this story

Tags