Samachar Nama
×

देश में नफरत और विभाजन की राजनीति को बढ़ावा: जीतू पटवारी

भोपाल, 21 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने देश में नफरत और विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दिए जाने का आरोप लगाया। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि आज देश में नफरत और विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। राजनीतिक लाभ के लिए पूरे सरकारी और आर्थिक तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या नफरत की विचारधारा का परिणाम थी और आज भी वही वातावरण देश में तैयार किया जा रहा है।

पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार मुक्त भारत, रोजगार और मजबूत अर्थव्यवस्था के वादों के साथ सत्ता में आए थे, लेकिन आज देश आर्थिक संकट, बेरोजगारी और सामाजिक विभाजन की स्थिति का सामना कर रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था, प्रशासनिक संस्थाओं और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया है। कांग्रेस पार्टी हमेशा देश को जोड़ने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की राजनीति करती रही है।

उन्‍होंने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक भारत की नींव रखी थी और तकनीकी क्रांति के माध्यम से देश को नई दिशा देने का कार्य किया। आज उनके विचारों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने स्वर्गीय राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने तथा देश में भाईचारे, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएसएच

Share this story

Tags