Samachar Nama
×

देश में चाहे चुनाव बैलेट पेपर से हो या ईवीएम से, दोनों में कांग्रेस हारेगी: आरपी सिंह

देश में चाहे चुनाव बैलेट पेपर से हो या ईवीएम से, दोनों में कांग्रेस हारेगी: आरपी सिंह
देश में चाहे चुनाव बैलेट पेपर से हो या ईवीएम से, दोनों में कांग्रेस हारेगी: आरपी सिंह

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के नतीजों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से ईवीएम (ईवीएम) में गड़बड़ी का आरोप लगाती रही है और दावा करती रही है कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर उसे जीत मिलेगी। बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनाव में भी कांग्रेस को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।

एमएलसी चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि इन चुनावों में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया गया था। कांग्रेस लगातार कहती रही है कि ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव होने पर उसे जीत हासिल होगी।

आरपी सिंह ने कहा, "अब यह साफ हो गया है कि चुनाव बैलेट पेपर से हों या ईवीएम से, कांग्रेस दोनों ही स्थितियों में हार रही है। देशभर में पार्टी को जनता का समर्थन कम मिल रहा है। ये विधान परिषद के चुनाव में देखने को मिल रहा है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब कुछ नेताओं या एक परिवार तक सिमटकर रह गई है। चुनावी नतीजों को लेकर कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए और अपनी राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एमएलसी चुनाव नतीजों को लेकर किए गए सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए आरपी सिंह ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अगर बैलेट पेपर से चुनाव होने के बावजूद कांग्रेस हार रही है, तो उसके पास ईवीएम को लेकर लगाए जाने वाले आरोपों के समर्थन में कोई ठोस तर्क नहीं बचता।

आरपी सिंह ने ईवीएम और वोट चोरी को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जाने वाले आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना किसी ठोस आधार के एक गलत धारणा बनाने की कोशिश कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक, चुनावी नतीजों से यह स्पष्ट होता है कि केवल मतदान की प्रक्रिया पर सवाल उठाने से राजनीतिक सफलता नहीं मिल सकती। किसी भी पार्टी को जनता का समर्थन हासिल करने के लिए अपने काम और नीतियों पर ध्यान देना चाहिए।

एमएलसी चुनाव के अलावा आरपी सिंह ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के बयानों को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिनेता ने हाल के दिनों में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह देश में अराजकता फैलाने वाले विचारों को बढ़ावा देती है। नसीरुद्दीन शाह के पुराने बयानों में भी देशविरोधी और पाकिस्तान समर्थक विचार नजर आए हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल को लेकर अभिनेता की हालिया टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान देश में अस्थिरता पैदा करने वाली सोच को बढ़ावा देते हैं। एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा जहां चुनाव परिणामों को कांग्रेस के घटते जनाधार से जोड़ रही है, वहीं ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस भी जारी है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story