देश में नक्सलवाद पर स्थिति काफी हद तक नियंत्रित : देवेश चंद्र ठाकुर
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने देश में नक्सलवाद, बिहार की कानून व्यवस्था और नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर कई अहम बयान दिए। नक्सलवाद के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर प्रतिक्रिया दिया, जिसमें अमित शाह ने कहा था कि देश से नक्सलवाद लगभग खत्म हो चुका है।
देवेश चंद्र ठाकुर ने आईएएनएस से कहा कि देश के जिन इलाकों में पहले नक्सलवाद सक्रिय था, वहां अब स्थिति काफी हद तक नियंत्रित हो चुकी है और हालात पहले की तुलना में बेहतर हुए हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा चुनाव आयोग को लिखे पत्र पर भी उन्होंने टिप्पणी की। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और भाजपा पर चुनाव को नियंत्रित करने का आरोप लगाया था।
इस पर देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा, "पश्चिम बंगाल में सरकार ममता बनर्जी की है। अगर राज्य सरकार के अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है, तो यह राज्य सरकार ने ही किया होगा। ऐसे में यह कहना कि चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रहा है, समझ से परे है।"
बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि राज्य में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा, "आज अगर कोई व्यक्ति शाम के समय पटना से 200 किलोमीटर दूर अपने घर जाना चाहे, तो वह बिना किसी डर के परिवार के साथ यात्रा कर सकता है। यह बिहार में बेहतर कानून-व्यवस्था का संकेत है।"
उन्होंने माना कि छोटी-मोटी घटनाएं हर राज्य और हर शहर में होती रहती हैं और उन्हें पूरी तरह रोकना संभव नहीं है। हर व्यक्ति के पीछे सुरक्षा बल नहीं लगाया जा सकता और न ही हर अपराधी को पहले से रोका जा सकता है। हालांकि यह कहना कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह खराब हो गई है, गलत है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में कभी ऐसी स्थिति नहीं आई, जब कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी हो। नीतीश कुमार के एमएलसी पद से इस्तीफा देने और उनके भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर भी कहा कि उन्होंने करीब 20 साल तक नीतीश कुमार के साथ काम किया है और उनका कार्यकाल बेहद शानदार रहा है।
उन्होंने कहा, नीतीश कुमार ने बिहार को पिछड़ेपन से निकालकर विकास की राह पर आगे बढ़ाया है। उनके शासन में साफ-सुथरा प्रशासन और बेहतर व्यवस्था देखने को मिली। उनके दामन पर न तो भ्रष्टाचार का दाग है, न जातिवाद और न ही क्षेत्रवाद का। उन्होंने हर वर्ग के लिए काम किया है।
उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार बिहार की राजनीति से दूर जाते हैं, तो यह राज्य के लिए बड़ी क्षति होगी। बिहार के लोग निश्चित रूप से उन्हें मिस करेंगे। हम पिछले 20 साल से अमन और शांति के दौर में जी रहे हैं, जिसका श्रेय उन्हें जाता है।
साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में आगे भी सरकार काम करती रहेगी और राज्य में विकास का सिलसिला जारी रहेगा।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

