Samachar Nama
×

देश की परीक्षा प्रणाली में विफलताओं के लिए तय हो जिम्मेदारी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा देंः इमरान प्रतापगढ़ी

देश की परीक्षा प्रणाली में विफलताओं के लिए तय हो जिम्मेदारी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा देंः इमरान प्रतापगढ़ी
देश की परीक्षा प्रणाली में विफलताओं के लिए तय हो जिम्मेदारी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा देंः इमरान प्रतापगढ़ी

रांची, 25 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस ने छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के मुद्दों को लेकर देशव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ शुरू किया है। पार्टी के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने गुरुवार को रांची में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अभियान अगले 40 दिनों तक देश के 28 प्रमुख शहरों में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों की समस्याओं, पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ जनमत तैयार करना है।

इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देशभर में लगातार पेपर लीक और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के मामले सामने आए हैं, जिससे छात्रों और युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ, लेकिन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

कांग्रेस सांसद ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में बार-बार हो रही विफलताओं की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “थर्मामीटर बदलने से बुखार खत्म नहीं होता।” उनके मुताबिक समस्या की जड़ तक पहुंचकर व्यवस्था में सुधार करने की जरूरत है।

प्रतापगढ़ी ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा से इस अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा संबंधी मुद्दा नहीं है, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य, रोजगार और अवसरों से जुड़ा प्रश्न है। कांग्रेस ने अभियान के माध्यम से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) समेत पूरी परीक्षा प्रणाली के स्वतंत्र ऑडिट तथा वार्षिक परीक्षा एवं भर्ती कैलेंडर लागू कर समयबद्ध नियुक्तियां सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत छात्र संपर्क कार्यक्रम, नुक्कड़ सभाएं, कैंपस संवाद और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। अभियान के पहले चरण के अंतर्गत 1 अगस्त को देश के 28 शहरों में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा, जबकि 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम के साथ पहले चरण का समापन होगा। कांग्रेस ने छात्रों और अभ्यर्थियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। पार्टी ने इसके लिए 9873036161 नंबर जारी किया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर छात्र अभियान से जुड़ सकते हैं।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags