Samachar Nama
×

देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही, राहुल गांधी को सिर्फ नकारात्मकता दिखाई देती है: आरपी सिंह

देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही, राहुल गांधी को सिर्फ नकारात्मकता दिखाई देती है: आरपी सिंह
देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही, राहुल गांधी को सिर्फ नकारात्मकता दिखाई देती है: आरपी सिंह

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने पंजाब सरकार, जम्मू-कश्मीर की राजनीति, दिशा सालियान मामले, एसपी-कांग्रेस गठबंधन, उत्तराखंड में गैर-मान्यता प्राप्त मदरसों के खिलाफ कार्रवाई, आतंकवाद, जीडीपी ग्रोथ और एसआईआर समेत कई मुद्दों पर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी गंभीर दावे किए।

आरपी सिंह ने दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब पुलिस को कथित भ्रष्टाचार से संबंधित करीब 200 पन्नों की रिपोर्ट पहले ही सौंप दी है। रिपोर्ट में मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े एक अधिकारी पर ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर कथित तौर पर पैसे लेने और अन्य लोगों के माध्यम से गतिविधियां संचालित करने के आरोपों का उल्लेख है। एक कथित बिचौलिए के घर पर हुई कार्रवाई के दौरान करीब 21 लाख रुपए मिलने और पैसे बाहर फेंके जाने की बात सामने आई थी। ईडी ने पंजाब पुलिस से इस मामले में एफआईआर दर्ज करने का आग्रह किया, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अदालत का रुख किया गया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के परिवार से जुड़े एक अन्य आरोप का भी जिक्र किया और कहा कि इन मामलों की जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए।

श्रीनगर में भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच टकराव पर आरपी सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार बिजली आपूर्ति को लेकर अपने वादे पूरे करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

दिशा सालियान मामले पर उन्होंने कहा कि यह अब सीबीआई जांच का विषय है। अदालत के आदेश के बाद जांच आगे बढ़ेगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

मौलाना अरशद मदनी के बयान पर आरपी सिंह ने कहा कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने हिंदू समाज और मुसलमानों को लेकर जो बात कही थी, उसे लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सलमान खुर्शीद की उस टिप्पणी का भी उल्लेख किया जिसमें आतंकवाद को किसी धर्म से नहीं जोड़ने की बात कही गई थी। आतंकवादी गतिविधियों को लेकर एक समुदाय पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद का किसी धर्म से संबंध नहीं होना चाहिए, लेकिन हाल की कुछ आतंकी गतिविधियों में एक विशेष धार्मिक पहचान वाले लोग शामिल रहे हैं।

अभिनेत्री स्वरा भास्कर की टिप्पणियों पर आरपी सिंह ने उन्हें 'रेडिकल लेफ्ट' की विचारधारा से जोड़ते हुए कहा कि उनके बयान भारतीय मूल संस्कृति पर आधारित मान्यताओं के खिलाफ हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर बोलना चाहिए, लेकिन उनके मुताबिक राहुल गांधी ऐसा नहीं करेंगे।

सीपीआई नेता अमरजीत कौर के कथित बयान को लेकर आरपी सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की भाषा स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार बदलने के लिए चुनाव और वोट का रास्ता मौजूद है। चुनावी राजनीति में विफल होने के बाद इस तरह की भाषा का इस्तेमाल राजनीतिक निराशा को दिखाता है।

राम मंदिर ट्रस्ट में सीईओ नियुक्त किए जाने के प्रस्ताव पर आरपी सिंह ने कहा कि यदि कोई पेशेवर व्यक्ति ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज को देखता है तो इससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ सकती है। देश को ऐसी व्यवस्था का स्वागत करना चाहिए जिससे ट्रस्ट के कामकाज में बेहतर प्रशासन और अकाउंटेबिलिटी सुनिश्चित हो।

एससीओ बैठक के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख स्पष्ट रखा है। भारत ने एससीओ के सदस्य देशों से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है और उन देशों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाने की बात कही है, जहां आतंकवादी ढांचे को पनाह देने का आरोप है।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन पर आरपी सिंह ने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर पहले भी मतभेद सामने आए हैं। पिछले उपचुनाव के दौरान कांग्रेस ने कई सीटों की मांग की थी, लेकिन अखिलेश यादव ने उसे स्वीकार नहीं किया। आगामी चुनाव में गठबंधन होता है या नहीं, इससे भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में जीत बीजेपी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की होगी।

उत्तराखंड में गैर-मान्यता प्राप्त मदरसों के खिलाफ कार्रवाई पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के संचालन के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और मान्यता का पालन जरूरी है। यदि कोई संस्था आवश्यक मानकों को पूरा नहीं करती है तो सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई कर सकती है।

भारत की जीडीपी ग्रोथ के आंकड़ों पर आरपी सिंह ने राहुल गांधी की आर्थिक नीतियों संबंधी टिप्पणियों पर सवाल उठाया। उपलब्ध आर्थिक आंकड़े भारत की अर्थव्यवस्था में मजबूती और लगातार विकास की ओर संकेत करते हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है और बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है। उन्होंने 'ड्रोन दीदी' और 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। राहुल गांधी को आर्थिक प्रगति के सकारात्मक आंकड़े दिखाई नहीं देते और वे केवल सरकार की आलोचना पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

एसआईआर को लेकर राहुल गांधी के सवालों पर आरपी सिंह ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर बार-बार सवाल उठाना उचित नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर प्रक्रिया की वैधानिकता को स्पष्ट किया है। चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठाने से लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का भरोसा प्रभावित हो सकता है।

सीजेपी की ओर से 5 सितंबर को प्रस्तावित मार्च वापस लिए जाने पर आरपी सिंह ने कहा कि सरकार ने अपना वादा पूरा किया है। जिन छात्रों के खिलाफ मुकदमे दर्ज थे, उनके संबंध में सुप्रीम कोर्ट का आदेश आया है और इसी के बाद मार्च रद्द किया गया। सरकार अपने आश्वासन पर कायम रही है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story