Samachar Nama
×

देश के प्रति गणेश शंकर विद्यार्थी का समर्पण प्रेरणादायक, जयंती पर केंद्रीय मंत्रियों सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

देश के प्रति गणेश शंकर विद्यार्थी का समर्पण प्रेरणादायक, जयंती पर केंद्रीय मंत्रियों सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
देश के प्रति गणेश शंकर विद्यार्थी का समर्पण प्रेरणादायक, जयंती पर केंद्रीय मंत्रियों सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्वतंत्रता सेनानी और पत्रकारिता जगत के पुरोधा गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने याद करते हुए नमन किया है।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर पोस्ट किया, "अपनी निर्भीक लेखनी एवं प्रखर विचारों से राष्ट्र चेतना को जागृत करने में अद्वितीय योगदान देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी व पत्रकारिता जगत के पुरोधा गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन करता हूं। आपके ओजस्वी विचार व आदर्श जीवन सदैव युवाओं को राष्ट्र के नवनिर्माण और समाज की सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।"

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा, "महान स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन।"

केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "अपनी प्रबल लेखनी से पत्रकारिता को नई दिशा देने वाले, निर्भीक पत्रकार व महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर सादर नमन। ​देश के प्रति उनका समर्पण और अगाध प्रेम हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "कलम को जनचेतना की आवाज और पत्रकारिता को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। सत्य के लिए निर्भीकता, अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और मानवता के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान हमें सत्य एवं न्याय के पक्ष में दृढ़ता से खड़े रहने की प्रेरणा देता है।"

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर लिखा, "स्वतंत्रता सेनानी एवं भारतीय पत्रकारिता के पुरोधा गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। उनका व्यक्तित्व देशभक्ति, प्रखर चिंतन एवं कर्तव्यनिष्ठा की त्रिवेणी था, जो युवाओं को प्रेरणा देता रहेगा। उनके चरणों में बारंबार प्रणाम।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट किया, "कलम के अप्रतिम साधक, प्रखर वक्ता एवं निर्भीक पत्रकारिता के पुरोधा, अमर हुतात्मा शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! अपने ओजस्वी विचारों, निष्पक्ष लेखनी और अद्वितीय सामाजिक समर्पण से उन्होंने स्वाधीनता संग्राम में जनचेतना का शंखनाद किया। समाज में समरसता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए उनका अमर बलिदान युगों-युगों तक राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता रहेगा।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "अपनी प्रखर लेखनी से स्वतंत्रता की अलख जगाने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी एवं निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन! राष्ट्रहित, सत्य और न्याय के प्रति उनका अटूट समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा।"

बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एक्स पर लिखा, "अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अपनी कलम और धारदार लेखनी को हथियार बनाकर आजादी की लड़ाई में बढ़ चढ़ कर भाग लेने वाले स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर शत शत नमन।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story