देश के बॉर्डर क्षेत्रों में प्रवास करेंगे गृह मंत्री अमित शाह, सुरक्षा संबंधी बैठकों में लेंगे हिस्सा
जयपुर, 25 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले कुछ दिनों में देश के बॉर्डर क्षेत्रों में प्रवास करेंगे और सुरक्षा संबंधी बैठकों में हिस्सा लेंगे।
इसके तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 मई की रात को दो दिवसीय दौरे पर राजस्थान के बीकानेर पहुचेंगे और 26 मई सुबह 10 बजे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सीमा चौकी सांचू का दौरा करेंगे। वहां वह सुरक्षा बलों के जवानों के साथ संवाद करेंगे और सुरक्षा बलों के लिए कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
अमित शाह दोपहर 2 बजे बीकानेर में बॉर्डर क्षेत्र की सुरक्षा की समीक्षा करेंगे, जिसमें गृह मंत्रालय, राजस्थान सरकार, बीएसएफ के अधिकारी और 5 सीमावर्ती जिलों के जिला अधिकारी व पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहेंगे।
केंद्रीय कानून मंत्री और बीकानेर के सांसद अर्जुन राम मेघवाल ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गृह मंत्री शाह सोमवार रात बीकानेर पहुंचेंगे और रात में वहीं रुकेंगे। इसके बाद 26 मई को वह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें सीमा सुरक्षा, घुसपैठ-रोधी उपायों और सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
मेघवाल के अनुसार, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल बेहतर बनाने और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विस्तार करने पर रहेगा। गृह मंत्री शाह का सांचू सीमा चौकी का दौरा करने का कार्यक्रम भी है, जहां वे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से बातचीत करेंगे और मौजूदा सुरक्षा स्थिति, ऑपरेशनल चुनौतियों तथा भविष्य की रणनीतियों पर सीधे तौर पर उनकी राय लेंगे।
मेघवाल ने इस दौरे को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया और कहा कि बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ होने वाली चर्चाएं सीमा प्रबंधन और विकास से जुड़े मुद्दों का आकलन करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री से यह अपेक्षा है कि वे मौजूदा सुरक्षा व्यवस्थाओं, घुसपैठ-रोधी उपायों और सीमा पर कार्यरत विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय तंत्र की समीक्षा करेंगे।
वहीं, इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 29 मई को गुजरात के भुज में प्रवास करेंगे। इसके तहत वह बीएसएफ की सीमा चौकी का दौरा करेंगे और स्थानीय अधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक करेंगे। अमित शाह अगले महीने 5 जून को त्रिपुरा में बॉर्डर क्षेत्र में प्रवास करेंगे। फिर वह 15 जून के आसपास पश्चिम बंगाल का प्रवास करेंगे और वहां बॉर्डर क्षेत्र का जाएंगे।
--आईएएनएस
डीकेपी/

