Samachar Nama
×

'देश कानून से चलेगा, अराजकता से नहीं', सीजेपी की चेतावनी पर एसपी वैद का बयान

'देश कानून से चलेगा, अराजकता से नहीं', सीजेपी की चेतावनी पर एसपी वैद का बयान
'देश कानून से चलेगा, अराजकता से नहीं', सीजेपी की चेतावनी पर एसपी वैद का बयान

जम्मू, 29 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके द्वारा दोबारा प्रदर्शन की चेतावनी पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह देश कानून से चलेगा, अराजकता से नहीं।

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "अगर पुलिस की तरफ से छात्रों को परेशान करने का सिलसिला जारी रहा, तो कॉकरोच जनता पार्टी जल्द ही एक बड़े और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के जरिए इसका जवाब देगी।"

दिपके ने आगे लिखा कि सरकार को छात्रों को निशाना बनाना और उन्हें परेशान करना बंद कर देना चाहिए।

जम्मू में आईएएनएस से बातचीत में पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके के बयान पर कहा, "मैं तो इस पर इतना ही कहूंगा कि यह देश कानून से चलेगा और अराजकता से नहीं। इस देश में अराजकता नहीं चाहिए। इससे ज्यादा मैं क्या बोलूं? एक नागरिक और पूर्व पुलिस अधिकारी के नाते मेरा यही मत है कि देश कानून से चलता है। सुप्रीम कोर्ट, जो देश का सर्वोच्च न्यायालय है, उसका आदेश सभी पर मान्य होना चाहिए और सबके सिर माथे पर होना चाहिए। किसी को भी इसमें कोई शक नहीं होना चाहिए।"

उन्होंने प्रदर्शनकारियों से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे लगता है सुप्रीम कोर्ट का आदेश बहुत बढ़िया है। सभी पक्षों को इसका एहतराम करना चाहिए और इसे सिर माथे पर रखना चाहिए। यही हमारा कानून है। सरकार हो या कोई भी पक्ष, सभी को इसका पालन करना चाहिए। 16 साल से कम उम्र के जिन बच्चों का कोई पूर्व में क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है, उन्हें छोड़ देना चाहिए। हम अपनी सेवा में भी ऐसा करते रहे हैं। बच्चों को आगे पासपोर्ट वेरिफिकेशन में भी यही समस्या आती है। कोर्ट का आदेश सही है। लेकिन, जिनका क्रिमिनल रिकॉर्ड है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी ही चाहिए।

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री के बयान पर एसपी वैद ने कहा कि मुझे लगता है यह बहुत निंदनीय बयान है। किसी भी समझदार नेता को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए कि पूरे पीओजेके की जनता हमारी दुश्मन है। इससे गिरा हुआ बयान और कोई नहीं हो सकता। यह दिखाता है कि पाकिस्तान को सिर्फ वहां की जमीन और वहां के जो रिसोर्सेज हैं, उन्हीं से मोहब्बत है, वहां के लोगों से मोहब्बत नहीं है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Share this story