Samachar Nama
×

'देश का माहौल खराब करने की साजिश', नेहा बोरा पर भड़के बृजभूषण शरण सिंह

'देश का माहौल खराब करने की साजिश', नेहा बोरा पर भड़के बृजभूषण शरण सिंह
'देश का माहौल खराब करने की साजिश', नेहा बोरा पर भड़के बृजभूषण शरण सिंह

गोंडा, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने नेहा बोरा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इस पूरे मामले के पीछे साजिश और षड्यंत्र होने का दावा किया। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कुछ ताकतें भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और मजबूत स्थिति को सहन नहीं कर पा रही हैं और उनके इशारे पर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि नेहा बोरा की सोच ऐसी है, जिससे उन्हें लगता है कि कुछ लोग भारत में भी पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करना चाहते हैं। देश में अस्थिरता पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत और मजबूती से कुछ विदेशी ताकतें खुश नहीं हैं। ऐसी ताकतों के इशारे पर काम करते हुए कुछ लोग देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि पहली बार सुप्रीम कोर्ट के नाम पर मार्च निकाला गया है। देश में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अलग-अलग तरीकों से देश का माहौल खराब करना चाहते हैं। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार को गिराना इन लोगों के लिए संभव नहीं है, क्योंकि यह सरकार किसी की दया पर निर्भर नहीं है, बल्कि पूर्ण बहुमत से बनी है।

भाजपा नेता ने दावा किया कि इस तरह की गतिविधियों से संबंधित लोगों के लिए भविष्य में सत्ता तक पहुंचना मुश्किल होगा। इनके पास देश का माहौल खराब करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। सिंह ने पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग भारत को इन देशों जैसे हालात की ओर ले जाना चाहते हैं। उन्होंने दोहराया कि इन गतिविधियों के पीछे साजिश और षड्यंत्र है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story